Azamgarh News: भूत-प्रेत और तंत्र-मंत्र के नाम पर महिलाओं को ठगने वाले अंतरजनपदीय गैंग का सरगना पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

भूत-प्रेत और तंत्र-मंत्र के नाम पर महिलाओं को ठगने वाले अंतरजनपदीय गैंग का सरगना पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना अंतर्गत आजमगढ़ समेत बरेली, बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर जनपदों में सक्रिय महिलाओं को निशाना बनाकर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का सरगना पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी भूत-प्रेत, जादू-टोना और तंत्र-मंत्र के नाम पर महिलाओं को भयभीत कर उनके जेवरात, नगदी और अन्य कीमती सामान ठग लिया करता था।

पुलिस के अनुसार 09 मई 2026 को थाना सरायमीर क्षेत्र के राजापुर सिकरौर निवासी चंदा देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ठठेरी बाजार के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसके पति पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर उसे डराया और शुद्धिकरण के नाम पर कान की झाली, गले का लॉकेट, मोबाइल फोन तथा एक लाख रुपये नगद ठग लिए। इस मामले में थाना सरायमीर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

इसी क्रम में 01 जून की रात प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे एवं पुलिस टीम को सूचना मिली कि घटना में शामिल दो अपराधी मोटरसाइकिल से फूलपुर की ओर से खरेवा की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। करछा मंदिर के पास पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे और कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इस दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी दिए जाने के बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान इम्तियाज खान (48 वर्ष) पुत्र नासिर खान निवासी मौलाना आजाद नगर, थाना क्वार्सी, जनपद अलीगढ़ तथा वर्तमान पता दुबग्गा, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, दो कान की झालियां, एक नाक की कील, एक लॉकेट, 11,100 रुपये नकद, एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई के साथ मोटरसाइकिल से विभिन्न बाजारों और कस्बों में घूमकर अधेड़ उम्र की महिलाओं को चिन्हित करता था। इसके बाद उन्हें परिवार पर संकट, भूत-प्रेत या जादू-टोने का भय दिखाकर विश्वास में लेता था और शुद्धिकरण की प्रक्रिया के नाम पर जेवरात व नकदी लेकर फरार हो जाता था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ आजमगढ़, बरेली, बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना सरायमीर में संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे, उपनिरीक्षक पंकज यादव, उपनिरीक्षक राजनाथ यादव सहित थाना सरायमीर की पुलिस टीम शामिल रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button