Azamgarh News:विटामिन-ए अनुपूरण कार्यक्रम का शुभारंभ, 5.37 लाख से अधिक बच्चों को मिलेगी खुराक*
आजमगढ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
*विटामिन-ए अनुपूरण कार्यक्रम का शुभारंभ, 5.37 लाख से अधिक बच्चों को मिलेगी खुराक*
*बच्चों के स्वस्थ विकास, बेहतर दृष्टि एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए विटामिन-ए आवश्यक : सीएमओ*
आजमगढ़ 10 जून 2026
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के निर्देशन में जनपद में विटामिन-ए अनुपूरण कार्यक्रम के प्रथम चरण का शुभारंभ बुधवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, दलसिंगार से किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के 9 माह से 5 वर्ष तक आयु वर्ग के कुल 5,37,307 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक प्रदान किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि विटामिन-ए अनुपूरण कार्यक्रम वर्ष में दो बार संचालित किया जाता है, जिसका पहला चरण जून तथा दूसरा चरण दिसंबर माह में आयोजित किया जाता है। उन्होंने बताया कि नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक बच्चे को 5 वर्ष की आयु तक कम से कम 9 खुराक विटामिन-ए की दी जानी आवश्यक है। पहली खुराक एमआर प्रथम तथा दूसरी खुराक एमआर द्वितीय टीकाकरण के साथ दी जाती है, जबकि तीसरी से नौवीं खुराक विशेष अभियानों एवं नियमित सत्रों के माध्यम से प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार को भी विटामिन-ए की खुराक उपलब्ध कराई जाती है।
डॉ. वर्मा ने कहा कि विटामिन-ए बच्चों की आंखों को स्वस्थ रखने, हड्डियों एवं शरीर के समुचित विकास, त्वचा एवं म्यूकोसा की सुरक्षा तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसकी पर्याप्त उपलब्धता बच्चों को विभिन्न प्रकार के संक्रमणों से बचाने में सहायक होती है। उन्होंने कहा कि विटामिन-ए की कमी से रतौंधी, बच्चों की वृद्धि एवं विकास में बाधा, संक्रमण का बढ़ता खतरा तथा रोगों से लड़ने की क्षमता में कमी जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। गर्भवती महिलाओं में इसकी कमी से गर्भावस्था के परिणामों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अब्दुल अजीज़ ने कहा कि विटामिन-ए अनुपूरण कार्यक्रम बच्चों को सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को समय से विटामिन-ए की सभी निर्धारित खुराकें अवश्य दिलाएं, जिससे उनका समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास सुनिश्चित हो सके।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपद के समस्त अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र, आंगनबाड़ी केन्द्र अथवा टीकाकरण सत्र स्थल पर ले जाकर विटामिन-ए की निर्धारित खुराक अवश्य दिलाएं तथा इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएमओ डॉ. अविनाश, डीसीपीएम विपिन बिहारी पाठक, अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दलसिंगार के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष सिंह, अर्बन कोऑर्डिनेटर प्रशांत सोनकर सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



