Azamgarh News:थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र की बड़ी कार्रवाई, अंतरजनपदीय गोवध गिरोह के दो सक्रिय सदस्य गैंगस्टर एक्ट में गिरफ्तार

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र की बड़ी कार्रवाई, अंतरजनपदीय गोवध गिरोह के दो सक्रिय सदस्य गैंगस्टर एक्ट में गिरफ्तार
बिलरियागंज (आजमगढ़),
अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत शुक्रवार को बिलरियागंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंतरजनपदीय गोवध एवं प्रतिबंधित मांस कारोबार से जुड़े गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई वर्ष 2024 में उजागर हुए गोवध और अवैध मांस बिक्री के संगठित गिरोह के विरुद्ध की गई है। यह गिरोह लंबे समय से अवैध रूप से गोवंशीय पशुओं की खरीद-फरोख्त, वध तथा मांस बिक्री के कारोबार में संलिप्त था। गिरोह की गतिविधियों से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही थी तथा स्थानीय लोगों में भय और दहशत का माहौल व्याप्त था।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार 14 जून 2024 को तत्कालीन थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि ग्राम नसीरपुर में बड़े पैमाने पर गोवंशीय पशुओं को वध के उद्देश्य से एकत्र किया गया है। सूचना पर की गई छापेमारी में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था तथा मौके से पांच चापड़, दो छुरी, चार लकड़ी के ठीहे और 32 प्रतिबंधित पशु बरामद किए गए थे। इस मामले में कुल 17 आरोपियों के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि गिरोह संगठित रूप से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देकर आर्थिक लाभ अर्जित कर रहा था। गिरोह के प्रभाव और भय के कारण आम लोग इनके खिलाफ शिकायत या गवाही देने से भी कतराते थे। इसी को देखते हुए बिलरियागंज थाने द्वारा गिरोह का गैंग चार्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेजा गया, जिसे जिलाधिकारी द्वारा अनुमोदित किया गया।
इसके बाद गिरोह सरगना परवेज पुत्र अब्दुल हमीद समेत कुल 17 सदस्यों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी क्रम में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र ने अपनी टीम के साथ 11 जून 2026 को कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों तौशीफ अहमद पुत्र परवेज अहमद तथा अली असगर पुत्र हसन रजा उर्फ झिनकू निवासी नसीरपुर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी गोवध और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम से संबंधित मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई यह कार्रवाई संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की सख्त नीति को दर्शाती है।
इस सफलता में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र के साथ कांस्टेबल संजय सिंह, कांस्टेबल आकाश कुमार सिंह तथा महिला कांस्टेबल मंशा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। क्षेत्रीय लोगों ने अपराधियों के खिलाफ की गई इस प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम की प्रशंसा की है।



