Azamgarh news :ऑपरेशन वज्रपात: सोशल मीडिया पर रंगबाजी, स्टंटबाजी और दबंगई दिखाने वालों पर आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
ऑपरेशन वज्रपात: सोशल मीडिया पर रंगबाजी, स्टंटबाजी और दबंगई दिखाने वालों पर आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद में संचालित “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत सोशल मीडिया पर रंगबाजी, गैंग संस्कृति, दबंगई और स्टंटबाजी को बढ़ावा देने वाले युवकों के विरुद्ध पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। थाना कंधरापुर, सिधारी और रानी की सराय पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए युवाओं को चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
थाना कंधरापुर क्षेत्र में पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें आखापुर निवासी 22 वर्षीय दुर्गेश मौर्य प्लास्टिक के तमंचे के साथ रील बनाकर स्वयं को दबंग और प्रभावशाली दिखाने का प्रयास कर रहा था। जांच के बाद पुलिस ने युवक को चिन्हित कर शांति व्यवस्था के मद्देनजर धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की तथा अभिभावकों की मौजूदगी में उसकी काउंसलिंग कर सोशल मीडिया के दुरुपयोग और उसके कानूनी परिणामों की जानकारी दी।
वहीं थाना सिधारी क्षेत्र में इंस्टाग्राम आईडी ‘mahendra.yadav9798’ से वायरल फोटो और वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई की। जांच में पाया गया कि संबंधित व्यक्ति वाहन संख्या UP 50 CZ 2694 का प्रयोग कर सोशल मीडिया पर दबंग छवि प्रस्तुत करने और क्षेत्र में प्रभाव दिखाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने वाहन को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
इसी क्रम में थाना रानी की सराय पुलिस ने सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी से जुड़े वीडियो वायरल करने वाले 19 वर्षीय युवक गोविंद को चिन्हित किया। पुलिस के अनुसार युवक द्वारा प्रसारित वीडियो युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित करने वाले तथा यातायात नियमों की अनदेखी कर सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वाले थे। पुलिस ने युवक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की और उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जनपद पुलिस ने अभिभावकों और युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा गैंग संस्कृति, असलहा प्रदर्शन, स्टंटबाजी, दबंगई अथवा दहशत फैलाने वाले कंटेंट से दूर रहें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी प्रकार के कंटेंट के प्रसारण पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन वज्रपात के तहत सोशल मीडिया पर अपराधी छवि प्रस्तुत करने, गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने और आमजन में भय का वातावरण बनाने वाले तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



