Azamgarh News:राज्य कर विभाग की राजस्व वसूली की समीक्षा, लक्ष्य प्राप्ति में शिथिलता पर कार्रवाई हेतु शासन को संस्तुति

आजमगढ़ 19 जून, 2026/
राज्य कर विभाग की राजस्व वसूली की समीक्षा, लक्ष्य प्राप्ति में शिथिलता पर कार्रवाई हेतु शासन को संस्तुति
जिलाधिकारी आजमगढ़ द्वारा राज्य कर विभाग की राजस्व प्राप्ति एवं वसूली की प्रगति की समीक्षा के उपरांत लक्ष्य के सापेक्ष अपेक्षित उपलब्धि न होने तथा गत वित्तीय वर्ष की तुलना में राजस्व प्राप्ति में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई हेतु आयुक्त, राज्य कर, उत्तर प्रदेश को पत्र प्रेषित किया गया है।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य कर विभाग का कुल वार्षिक लक्ष्य 45527.48 लाख रुपये के सापेक्ष 24247.34 लाख रुपये की प्राप्ति हुई है, जो लक्ष्य का मात्र 53.26 प्रतिशत है। वहीं गत वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में कुल राजस्व प्राप्ति में 5.76 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
विस्तृत परीक्षण में राज्य कर खण्ड-3 एवं राज्य कर खण्ड-5 की स्थिति सर्वाधिक चिंताजनक पाई गई। राज्य कर खण्ड-3 में कार्यरत उपयुक्त राज्य कर श्री अखिलेश कुमार सिंह के कार्यकाल में गत वित्तीय वर्ष की तुलना में राजस्व प्राप्ति में 16.65 प्रतिशत की कमी आई है तथा लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धि केवल 51.98 प्रतिशत रही है।
इसी प्रकार राज्य कर खण्ड-5 में तैनात उपयुक्त राज्य कर श्री संजय कुमार शर्मा के कार्यकाल में भी गत वर्ष की तुलना में राजस्व प्राप्ति में 11.70 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है तथा लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धि मात्र 53.14 प्रतिशत रही है।
जिलाधिकारी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि राजस्व वृद्धि एवं लक्ष्य प्राप्ति के संबंध में समय-समय पर समीक्षा बैठकों के माध्यम से आवश्यक निर्देश दिए जाते रहे हैं, इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा अपेक्षित सुधार नहीं किया गया। परिणामस्वरूप राजस्व प्राप्ति में कमी बनी रही तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति भी सुनिश्चित नहीं हो सकी।
उक्त परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी ने राज्य कर खण्ड-3 के उपयुक्त राज्य कर श्री अखिलेश कुमार सिंह तथा राज्य कर खण्ड-5 के उपयुक्त राज्य कर श्री संजय कुमार शर्मा के विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई किए जाने हेतु आयुक्त, राज्य कर, उत्तर प्रदेश को संस्तुति प्रेषित की है।



