Azamgarh News:फोरलेन हाईवे किनारे कार्टून बॉक्स में मिला नवजात बालिका का शव, क्षेत्र में सनसनी
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
फोरलेन हाईवे किनारे कार्टून बॉक्स में मिला नवजात बालिका का शव, क्षेत्र में सनसनी
आजमगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र के हरैया गांव में फोरलेन हाईवे की पुलिया के किनारे एक नवजात बालिका का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव एक कार्टून बॉक्स में सफेद कपड़े में लपेटकर रखा गया था।
जानकारी के अनुसार, हरैया गांव के ग्राम प्रधान धर्मेन्द्र कुमार ने शुक्रवार शाम करीब 6 बजे पुलिया के किनारे नवजात बालिका का अज्ञात शव देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी और लिखित तहरीर देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर चौकी प्रभारी ब्रह्मस्थान उपनिरीक्षक रामकिशोर शर्मा को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को भी दे दी गई है। पुलिस नवजात के शव को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति अथवा परिजनों की तलाश में जुटी है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।



