Jaunpur news:पुलिस पर फायरिंग करने वाला वांछित गो-तस्कर मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Jaunpur news: Wanted cow smuggler who opened fire on police arrested in encounter, shot in leg

जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और एक कथित गो-तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन तथा चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष यजुवेंद्र कुमार सिंह अपनी टीम के साथ समोधपुर मार्ग स्थित कम्मरपुर पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर उसकी बाइक पलट गई, जिसके बाद वह पैदल भागते हुए पुलिस टीम पर कथित तौर पर तमंचे से दो फायर कर दिए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई।

घायल आरोपी की पहचान पंकज यादव (35) निवासी सारी बड़ौना, थाना सरपतहां के रूप में हुई। उसे प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुइथाकला भेजा गया।

पुलिस का दावा है कि बरामद मोटरसाइकिल चोरी की है, जिसे आरोपी ने अखंडनगर क्षेत्र से चोरी करने और उसकी नंबर प्लेट बदलकर चलाने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, मोबाइल फोन और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध जौनपुर, देवरिया और गोंडा समेत विभिन्न जनपदों में गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, लूट, शस्त्र अधिनियम सहित कई गंभीर धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। ताजा मामले में भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button