Azamgarh News:लखनऊ में करंट की चपेट में आने से आजमगढ़ के युवक की मौत, आखापुर में पसरा मातम
आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
लखनऊ में करंट की चपेट में आने से आजमगढ़ के युवक की मौत, आखापुर में पसरा मातम
कंधरापुर (आजमगढ़)। कंधरापुर थाना क्षेत्र के आखापुर गांव निवासी 40 वर्षीय प्रशांत राय की लखनऊ में बिजली के करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बुधवार सुबह करीब 11 बजे हुआ जब आरो प्लांट के लिए लोहे की पाइप को हाथ में लिए थे तभी पाइप हाई बोल्ट विद्युत तार से टच हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशांत राय पुत्र सतीश राय लखनऊ स्थित जिंदल कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। बुधवार को अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पीलीभीत में रहने वाले उनके ससुराल पक्ष के लोग भी तत्काल लखनऊ पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही आजमगढ़ से उनके माता-पिता सहित अन्य परिजन भी लखनऊ रवाना हो गए।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार को शव उनके पैतृक गांव आखापुर लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए जैसे ही पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए राजघाट ले जाया गया, जहां मृतक के पुत्र ने अपने पिता को मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी।
प्रशांत राय अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं उनका एक छोटा भाई भी है। वृद्ध माता-पिता भी बेटे के वियोग में बार-बार बेसुध हो रहे थे। अंतिम यात्रा में मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं।
मृतक के पिता सतीश राय लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हुए हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन संगठन और समाज सेवा को समर्पित किया है। वर्तमान में वह बिलरियागंज खंड के खंड संघ चालक के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। उनके परिवार पर आए इस दुखद संकट की सूचना मिलते ही गांव से लेकर राजघाट तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारतीय जनता पार्टी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम यात्रा में शामिल हुए और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
अंतिम संस्कार के दौरान पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष पी.पी. राय, सीडब्ल्यूसी बेंच आफ मजिस्ट्रेट अखिलेश कुमार सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष बिलरियागंज रुद्रप्रकाश राय, बिजेंद्र राय, हरिवंश मिश्रा, प्रवीण यादव, अम्बरीश राय, बबलू राय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रशांत राय के असामयिक निधन से पूरे आखापुर गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने उन्हें सरल, मिलनसार, व्यवहारकुशल और सभी के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले व्यक्ति के रूप में याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र ने एक स्नेही और सामाजिक व्यक्तित्व को खो दिया है।



