Azamgarh News:आजमगढ़ जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में मिलावट की अफवाह निराधार, जांच के बाद प्रशासन का खंडन

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

आजमगढ़ जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में मिलावट की अफवाह निराधार, जांच के बाद प्रशासन का खंडन; अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

आजमगढ़ जनपद स्थित मंडलीय जिला अस्पताल के ब्लड बैंक से आपूर्ति किए जाने वाले रक्त में मिलावट की सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अफवाहों को अस्पताल प्रशासन ने पूरी तरह निराधार बताया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि शिकायत के बाद तत्काल तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर पूरे मामले की जांच कराई गई, जिसमें ब्लड बैंक के स्टॉक में किसी भी प्रकार की मिलावट नहीं पाई गई।

अस्पताल के अधीक्षक डॉ सतीश चंद्र कनौजिया ने बताया कि ब्लड बैंक की सभी रक्त इकाइयां निर्धारित मानकों के अनुसार NACO (नेशनल एड्स कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन) की गाइडलाइन के तहत आवश्यक जांच के बाद ही मरीजों को उपलब्ध कराई जाती हैं। वायरल हो रही भ्रामक सूचनाओं के कारण मरीजों एवं उनके परिजनों में अनावश्यक भय का माहौल उत्पन्न हुआ, जिसे देखते हुए प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है।

अधीक्षक ने कहा कि सोशल मीडिया पर बिना किसी तथ्य के भ्रामक एवं झूठी जानकारी प्रसारित करने वालों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के विरुद्ध सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट या भ्रामक संदेश पर विश्वास न करें और बिना सत्यापन के ऐसी सूचनाएं सोशल मीडिया पर साझा न करें। जिला अस्पताल का ब्लड बैंक पूरी तरह सुरक्षित एवं मानकों के अनुरूप संचालित हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button