Azamgarh news :साइबर फ्रॉड गिरोह का सदस्य दबोचा, खाते में आती थी ठगी की रकम
साइबर फ्रॉड गिरोह का सदस्य दबोचा, खाते में आती थी ठगी की रकम

साइबर ठगी का पैसा खाते में मंगाने वाला शातिर गिरफ्तार, तीन साथी फरार
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल किए जा रहे बैंक खाते के एक धारक को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज साथियों को उपलब्ध कराता था, जिनके जरिए साइबर ठगी की रकम निकालकर उसे कमीशन दिया जाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2,060 रुपये नकद बरामद किए हैं, जबकि उसके तीन साथियों की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) पंकज श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम आस्था जायसवाल के मार्गदर्शन में थाना साइबर क्राइम की टीम ने प्रतिबिंब पोर्टल से प्राप्त संदिग्ध एटीएम निकासी और एनसीआरपी शिकायत संख्या 30205260007771 की जांच के दौरान यह कार्रवाई की।
जांच के दौरान बैंक खाता संख्या 20580100029346 के खाताधारक अमित मौर्या पुत्र रामसकल मौर्या, निवासी समडीह आलापुर, थाना राजेसुल्तानपुर, जनपद अंबेडकर नगर को 5 जुलाई को पूछताछ के लिए थाना साइबर क्राइम बुलाया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी सौरभ पाण्डेय, आदिश दुबे और अभय के साथ मिलकर साइबर अपराध में शामिल था। उसने अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज सौरभ पाण्डेय को उपलब्ध करा दिए थे। इसके बाद उसके साथी साइबर ठगी की रकम इसी खाते में मंगाकर निकासी करते थे और बदले में अमित मौर्या को कमीशन मिलता था।
पुलिस ने बैंक खातों के स्टेटमेंट और अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद अमित मौर्या को गिरफ्तार कर लिया। उसके बैंक खाते पर आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र से साइबर ठगी की कुल दो एनसीआरपी शिकायतें दर्ज मिली हैं।
इस संबंध में थाना साइबर क्राइम में मुकदमा अपराध संख्या 28/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 319(2), 317(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66C और 66D के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों में सौरभ पाण्डेय निवासी रामनगर, थाना जहांगीरगंज, जनपद अंबेडकर नगर तथा आदिश दुबे और अभय शामिल हैं, जिनके पते की जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, महिला निरीक्षक विभा पाण्डेय, उपनिरीक्षक रजत सिंह, कांस्टेबल आलोक कुमार, मुख्य आरक्षी कल्लू प्रसाद तथा कांस्टेबल रामाश्रय यादव और महिपाल यादव शामिल रहे।



