Azamgarh News:एनआरसी के औचक निरीक्षण में दो संविदा चिकित्सक अनुपस्थित, एडिशनल सीएमओ ने वेतन रोकने के दिए निर्देश

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

एनआरसी के औचक निरीक्षण में दो संविदा चिकित्सक अनुपस्थित, एडिशनल सीएमओ ने वेतन रोकने के दिए निर्देश

आजमगढ़। मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के निर्देश पर गुरुवार को एडिशनल सीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय ने मंडलीय चिकित्सालय में संचालित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टेलीमेडिसिन कक्ष में तैनात दो संविदा चिकित्सक डॉ. विपुल सिंह और डॉ. स्वरूपानंद अनुपस्थित मिले। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने दोनों से स्पष्टीकरण तलब करने तथा वेतन रोकने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. पांडेय ने एनआरसी में भर्ती अति कुपोषित बच्चों के उपचार, पोषण, वजन में सुधार तथा अभिलेखों की गहन समीक्षा की। वर्ष 2025 और 2026 के रजिस्टरों का मिलान करते हुए उन्होंने भर्ती, डिस्चार्ज, वजन वृद्धि और लामा (चिकित्सकीय सलाह के विरुद्ध इलाज बीच में छोड़ने) के मामलों की जानकारी ली। निरीक्षण के समय केंद्र में चार बच्चे भर्ती मिले।

उन्होंने कहा कि एनआरसी का उद्देश्य केवल बच्चों को भर्ती करना नहीं, बल्कि उन्हें पूर्ण उपचार देकर स्वस्थ बनाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्योर रेट को कम से कम 80 प्रतिशत तक पहुंचाने, प्रत्येक बच्चे की नियमित निगरानी करने और प्रभावी फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लामा के मामलों में कमी लाने के लिए अभिभावकों की बेहतर काउंसलिंग करने और उपचार बीच में छोड़ने के दुष्परिणामों से अवगत कराने पर जोर दिया।

एडिशनल सीएमओ ने आरबीएसके टीमों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को गंभीर कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें एनआरसी तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं में केवल आंकड़ों की औपचारिकता नहीं, बल्कि वास्तविक स्वास्थ्य सुधार दिखाई देना चाहिए।

इसके बाद उन्होंने बाल रोग वार्ड का निरीक्षण कर भर्ती बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति जानी और वार्ड में साफ-सफाई, उपचार व्यवस्था तथा मरीजों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में संचालित आजमगढ़ थैलेसीमिया सोसाइटी की गतिविधियों की भी जानकारी ली गई। बताया गया कि संस्था में 127 मरीज पंजीकृत हैं, जिन्हें निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया जाता है। यहां आजमगढ़ मंडल के अलावा मऊ, बलिया और अंबेडकर नगर सहित आसपास के जनपदों से भी मरीज नियमित रूप से रक्त चढ़वाने आते हैं।

इस अवसर पर डीसीपीएम विपिन बिहारी पाठक तथा प्रभारी प्रचार-प्रसार मनीष तिवारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button