Azamgarh News:सीएमओ का औचक निरीक्षण: दो डॉक्टर व एक कर्मचारी अनुपस्थित, वेतन रोकने के निर्देश
आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
सीएमओ का औचक निरीक्षण: दो डॉक्टर व एक कर्मचारी अनुपस्थित, वेतन रोकने के निर्देश
आजमगढ़ जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. एन.आर. वर्मा ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देवगांव और 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों की सुविधाओं तथा साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया।
सीएचसी देवगांव में उपस्थिति पंजिका की जांच के दौरान कनिष्ठ सहायक विवेकानंद तिवारी, मेडिकल ऑफिसर डॉ. फणीस और डॉ. राजेश कुमार बिना पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सीएमओ ने तीनों से स्पष्टीकरण तलब करने तथा अग्रिम आदेश तक उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद सीएमओ ने 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, लालगंज का निरीक्षण किया। यहां चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपस्थिति संतोषजनक मिली तथा आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाई गईं। अस्पताल परिसर और ओपीडी की साफ-सफाई व्यवस्था भी बेहतर मिली।
निरीक्षण के दौरान मरीजों की अधिक संख्या और पंजीकरण काउंटर कम होने से हो रही असुविधा को देखते हुए सीएमओ ने तत्काल एक अतिरिक्त पंजीकरण काउंटर शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को पर्चा बनवाने और उपचार के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी सरकारी अस्पतालों में समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी चिकित्सा अधीक्षकों एवं प्रभारी चिकित्साधिकारियों को चिकित्सकों और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, बेहतर साफ-सफाई तथा मरीजों के सुचारु पंजीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा और स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही या अनधिकृत अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



