Azamgarh News:जनसेवा और संवेदनशील प्रशासन होगा प्राथमिक लक्ष्य: सगड़ी तहसील में एसडीएम संजीव कुमार राय ने संभाला कार्यभार
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
जनसेवा और संवेदनशील प्रशासन होगा प्राथमिक लक्ष्य: सगड़ी तहसील में एसडीएम संजीव कुमार राय ने संभाला कार्यभार
आजमगढ़ जनपद की सगड़ी तहसील को नए उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के रूप में संजीव कुमार राय मिले हैं। उन्होंने विधिवत पदभार ग्रहण कर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन शुरू कर दिया। इससे पूर्व वह संत कबीर नगर में उप जिलाधिकारी के पद पर कार्यरत थे, जहां से स्थानांतरण के बाद उनकी तैनाती आजमगढ़ के सगड़ी तहसील में हुई है। मूल रूप से वह बिहार के निवासी हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में एसडीएम संजीव कुमार राय ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल प्रशासनिक दायित्व निभाना नहीं, बल्कि आम जनता के विश्वास पर खरा उतरना है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाज के गरीब, असहाय, वंचित और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान कराया जाएगा। तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को न्याय और सम्मान मिले, इसके लिए प्रशासन पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करेगा।
सगड़ी क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य करेगा। बाढ़ से किसी भी नागरिक को अनावश्यक नुकसान न हो, इसके लिए समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां की जाएंगी। राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के साथ-साथ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी।
एसडीएम संजीव कुमार राय ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने और जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन तभी सफल माना जाएगा, जब आम नागरिक बिना किसी परेशानी के अपनी समस्या का समाधान प्राप्त कर सके।
नए एसडीएम के पदभार ग्रहण करने से क्षेत्रवासियों को एक संवेदनशील, जनहितैषी और जवाबदेह प्रशासन की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों ने भी उनका स्वागत करते हुए सगड़ी तहसील के समग्र विकास और जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान की आशा व्यक्त की है।



