Azamgarh news :3.14 करोड़ रुपये की निवेश ठगी के मामले में दो वांछित आरोपी गिरफ्तार

3.14 करोड़ रुपये की निवेश ठगी के मामले में दो वांछित आरोपी गिरफ्तार

कस्टम अधिकारी बनकर अधिक मुनाफे का झांसा देने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार 

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

जनपद आजमगढ़ के थाना कोतवाली पुलिस ने करोड़ों रुपये की निवेश ठगी के बहुचर्चित प्रकरण में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों पर फर्जी कस्टम अधिकारी बनकर लोगों का विश्वास जीतने, अधिक लाभांश दिलाने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने तथा रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

वादी मुकदमा शेखर श्रीवास्तव पुत्र अरूण कुमार श्रीवास्तव निवासी अनन्तपुरा कटरा, थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़ द्वारा थाना कोतवाली पर प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया गया कि मातवरगंज बड़ादेव मंदिर के सामने नगर पालिका मार्केट स्थित एक फ्लैट में रहने वाले विकास राय शर्मा, विशाल राय, अनिल कुमार शर्मा, अद्भुत राय शर्मा, अंशु सिंह एवं ममता शर्मा संगठित रूप से लोगों को अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर निवेश के नाम पर ठगी करते हैं।

विकास राय शर्मा ने स्वयं को कस्टम विभाग का कर्मचारी बताते हुए फर्जी कस्टम आईडी एवं कूटरचित दस्तावेज दिखाकर विश्वास अर्जित किया तथा अपने रिश्तेदार को दिल्ली में कस्टम कमिश्नर बताकर तांबा, कपड़ा, सोना एवं मोबाइल के कारोबार में निवेश करने पर 50 से 90 प्रतिशत तक लाभ दिलाने का प्रलोभन दिया। प्रारम्भ में विश्वास कायम करने के उद्देश्य से कुछ लाभांश वापस भी किया गया, जिससे वादी एवं उसके परिजनों का भरोसा और बढ़ गया।

इसके बाद वादी, उसके भाई जयन्त श्रीवास्तव तथा पिता अरूण कुमार श्रीवास्तव ने विभिन्न तिथियों में अभियुक्त के बैंक खातों में कुल 3 करोड़ 14 लाख रुपये स्थानांतरित किए। अभियुक्त द्वारा केवल 51 लाख रुपये वापस किए गए, जबकि शेष 2 करोड़ 63 लाख रुपये वापस नहीं किए गए। जब पीड़ितों ने धनराशि वापस मांगी तो अभियुक्तों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में थाना कोतवाली पर मु0अ0सं0- 377/2026 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 352, 351(3), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार के निर्देशन में दिनांक 18.07.2026 को म0उ0नि0 शशि सिंह ने कंधरापुर बाजार से दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button