Azamgarh News:24 घंटे में पशु चोरी का खुलासा: तहबरपुर पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे, चोरी का पशु व पिकअप बरामद

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

24 घंटे में पशु चोरी का खुलासा: तहबरपुर पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे, चोरी का पशु व पिकअप बरामद

आजमगढ़ जनपद के तहबरपुर थाना पुलिस ने प्रतिबंधित पशु चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया एक प्रतिबंधित पशु, घटना में प्रयुक्त महिन्द्रा सुप्रो प्रॉफिट पिकअप वाहन, दो वीवो मोबाइल फोन तथा ₹700 नकद बरामद किए हैं। मामले का एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 को ग्राम अहियाई निवासी रघुनाथ दुबे ने थाना तहबरपुर में तहरीर देकर बताया था कि उनके बाग से दिन में करीब 11 बजे अज्ञात चोर प्रतिबंधित पशु खोलकर ले गए। तहरीर के आधार पर थाना तहबरपुर में मु0अ0सं0-117/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक तहबरपुर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी व पुलिस टीम ने सोमवार को जानकीपुर पुलिया के पास वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी आयुष सिंह के साथ मिलकर ग्राम अहियाई से प्रतिबंधित पशु चोरी किया था। पुलिस की सक्रियता बढ़ने के कारण वे पशु को अहिरौला क्षेत्र की मंडी में बेचने जा रहे थे। साथ ही रास्ते में अन्य प्रतिबंधित पशुओं की चोरी करने की भी योजना थी। पुलिस को देखकर उनका साथी आयुष सिंह मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमन यादव (20 वर्ष) निवासी ग्राम अल्लीपुर, थाना रानी की सराय तथा रामायन यादव (48 वर्ष) निवासी ग्राम हुसेपुर, थाना गंभीरपुर के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी, कांस्टेबल सत्यम सिंह, कांस्टेबल मिथिलेश साह तथा रिक्रूट कांस्टेबल निर्भय सिंह की टीम शामिल रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button