Azamgarh News:आजमगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, अन्तर्जनपदीय पशु चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो मुठभेड़ों में चार गिरफ्तार

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय

आजमगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, अन्तर्जनपदीय पशु चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो मुठभेड़ों में चार गिरफ्तार

आजमगढ़ जनपद पुलिस ने पशु चोरी की घटनाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय पशु चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना बरदह और दीदारगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों के दौरान चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हुए। वहीं दो अन्य आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने पशु चोरी के पांच मामलों का सफल अनावरण किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी की तीन भैंसें, एक पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, कारतूस, खोखा कारतूस तथा चोरी की भैंस बेचने से प्राप्त ₹7 हजार नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 27/28 जुलाई की रात थाना दीदारगंज क्षेत्र में शारदा नहर स्थित सुघरपुर पुलिया के पास बिना नंबर प्लेट की पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अम्बेडकरनगर निवासी राशिद घायल हो गया, जबकि अहरौला निवासी अशफाक उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया गया। एक आरोपी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी की एक भैंस भी बरामद की गई।
इसी क्रम में थाना बरदह पुलिस ने ग्राम कोदहरा के पास घेराबंदी कर पशु चोरों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस पर फायरिंग किए जाने पर हुई जवाबी कार्रवाई में अम्बेडकरनगर निवासी फिरोज घायल हो गया तथा गंभीरपुर निवासी जुबैर को गिरफ्तार कर लिया गया। एक अन्य आरोपी रिंकू यादव फरार हो गया। मौके से अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और ₹7 हजार नकद बरामद किए गए। जुबैर की निशानदेही पर चोरी की दो भैंसें भी बरामद हुईं।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर विभिन्न जनपदों में रेकी कर रात के समय भैंसों की चोरी करते थे और चोरी के पशुओं को व्यापारियों के माध्यम से बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह ने बरदह, दीदारगंज, महाराजगंज और कप्तानगंज थाना क्षेत्रों में हुई पशु चोरी की पांच घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button