Azamgarh News:स्व.गोमती यादव की 33वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धांजलि सभा में उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
स्व.गोमती यादव की 33वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धांजलि सभा में उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
आजमगढ़ जनपद के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक स्वर्गीय गोमती यादव की 33वीं पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को महाराजगंज स्थित ओम् साईं मैरिज हॉल के प्रांगण में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उनके सुपुत्र विजय यादव द्वारा किया गया। श्रद्धांजलि सभा में गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया, जहां बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, समाजसेवियों एवं समाजवादी विचारधारा से जुड़े लोगों ने पहुंचकर स्व. गोमती यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम का संचालन फिरतू यादव ने किया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता चंचल यादव ने स्व. गोमती यादव के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका निधन गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति थी। उन्होंने कहा कि स्व. गोमती यादव ने अपना पूरा जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों और जरूरतमंदों की सेवा में समर्पित कर दिया। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने स्व. गोमती यादव के संघर्षपूर्ण जीवन, सादगी, जनसेवा और समाज के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह भावुक रहा और लोगों ने उनकी स्मृतियों को साझा करते हुए उन्हें एक जननायक के रूप में याद किया।
श्रद्धांजलि सभा के उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत बिरहा का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रसिद्ध लोकगायक अशोक लाल यादव एवं श्याम सुंदर चौहान ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से स्व. गोमती यादव के व्यक्तित्व और जनसेवा को स्वर देकर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर बिलरियागंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रमेश यादव, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता चंचल यादव, सागर सिंह, दिलवर यादव, मेढई यादव, आर्मी सेवानिवृत्त राम सिंगार यादव, श्रीराम यादव, वरिष्ठ समाजसेवी इरशाद अहमद, पूर्व अध्यक्ष नागेंद्र यादव, रामधनी यादव, शीला यादव, दशरथ यादव, दिवाकर यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक एवं समर्थक उपस्थित रहे।



