Azamgarh news:दिवंगत शिक्षक नेता वेदपाल सिंह को पल्हनी BRC पर दी गई श्रद्धांजलि, शिक्षकों के अधिकारों के लिए योगदान को किया गया याद
Azamgarh news: Late teacher leader Vedpal Singh was paid tribute at Palhani BRC, his contribution to the rights of teachers was remembered.
आजमगढ़। जाफरपुर स्थित बीआरसी सभागार में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, ब्लॉक इकाई पल्हनी के तत्वाधान में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने संघ के मार्गदर्शक स्वर्गीय वेदपाल सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से मौजूद डायट के वरिष्ठ प्रवक्ता अजय तिवारी और खंड शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार वर्मा, मंत्री संतोष कुमार राय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर सभा की शुरुआत की। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्वर्गीय वेदपाल सिंह के शिक्षक आंदोलन और शिक्षक हित में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया। डायट के वरिष्ठ प्रवक्ता अजय तिवारी ने कहा कि स्वर्गीय वेदपाल सिंह ने महज ₹60 के मामूली वेतन के दौर से लेकर शिक्षकों को आज के सम्मानजनक मुकाम तक पहुँचाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उस कठिन दौर में समाज और तंत्र के उलाहनों व तानों की परवाह न करते हुए, उन्होंने शिक्षक समुदाय को एकजुट किया और समाज में सिर उठाकर जीने का अधिकार दिलाया। वही शिक्षकों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके संघर्षों को याद कर संकल्प लिया कि स्वर्गीय वेदपाल सिंह द्वारा स्थापित मूल्यों और शिक्षक हितों की रक्षा के लिए वे सदैव एकजुट रहेंगे, उनके बताए मार्गो पर चलकर शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए तत्पर रहेंगे। सभा का संचालन दिनेश सिंह स्काउट मास्टर ने किया। इस दौरान यशवंत सिंह, जितेंद्र यादव, कंचन मौर्या, शिखा मौर्य, देवेंद्र राय, नीलम सिंह, पंकज सिंह, जितेंद्र कुमार मौर्या, सुरेंद्र यादव, श्रीकांत यादव, नंदलाल सिंह यादव, छविलाल यादव, पूनम राय, जयराम सहित अन्य गणमान्य शिक्षक उपस्थित रहे।



