Azamgarh news:बायोमेट्रिक सिस्टम का दुरुपयोग कर बैंक खातों से निकालते थे ठगी की रकम

गंभीरपुर पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, गैंग का सरगना गिरफ्तार

गंभीरपुर /आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में AEPS (आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम) के माध्यम से साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक वांछित आरोपी को गंभीरपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक कूटरचित (फर्जी) आधार कार्ड तथा एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से गोवध, गैंगस्टर समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध बैंक खातों और एटीएम हॉटस्पॉट की जांच कर रही थी। इसी क्रम में 11 जुलाई 2026 को पुलिस ने यश विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर खुलासा हुआ कि वह अपने साथी सद्दाम के साथ मिलकर AEPS प्रणाली और बायोमेट्रिक उपकरणों का दुरुपयोग कर साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि विभिन्न बैंक खातों से निकालता था और कमीशन के आधार पर उसका बंटवारा करता था।इसी मामले में वांछित चल रहे सद्दाम पुत्र तौफिक निवासी रंजीतपट्टी मुहम्मदपुर, थाना गंभीरपुर को सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे मुखबिर की सूचना पर रानीपुर-रजमों मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक फर्जी आधार कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।पुलिस के अनुसार इस संबंध में थाना गंभीरपुर पर मुकदमा संख्या 171/2026 भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66D के तहत पहले से दर्ज है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button