Azamgarh News:09 से 17 अगस्त, 2026 के बीच जनपद में ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ का होगा भव्य आयोजन
हर घर तिरंगा अभियान 2026′ को हर्षोल्लास के साथ मनाने एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिलाधिकारी ने बैठक में दिए आवश्यक दिशा निर्देश
09 से 17 अगस्त, 2026 के बीच जनपद में ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ का होगा भव्य आयोजन
तिरंगा फहराते हुए ‘वंदे मातरम’ का किया जाएगा गायन
हर घर तिरंगा अभियान :राष्ट्रीय अस्मिता, देशभक्ति और गौरव का जनभागीदारी आन्दोलन- जिलाधिकारी
आजमगढ़ 04 अगस्त 2026
हर घर तिरंगा अभियान 2026′ को हर्षोल्लास के साथ मनाने एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुआ।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत वर्ष 2022 से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ शुरू किया गया था। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और तिरंगे के साथ व्यक्तिगत एवं भावनात्मक सम्बन्ध बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। पिछले कुछ वर्षों से यह अभियान राष्ट्रीय अस्मिता, देशभक्ति और गौरव के जनभागीदारी आन्दोलन के रूप में सफल बन चुका है।
‘हर घर तिरंगा अभियान’ का वर्ष 2022, 2023, 2024 एवं 2025 में स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर सम्पूर्ण देश के सभी घरों, कार्यालयों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रमुखता से तिरंगा फहराकर सफलापूर्वक आयोजन किया गया। यह अभियान कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियों तथा राष्ट्र सेवा एवं सम्मान में अपने प्राणों की आहूति देने वाले महापुरुषों के प्रति आदर का भाव प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है।
इसी भावना को जारी रखते हुए भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम’ की 150वीं जयन्ती मनाई जा रही है। भारत सरकार द्वारा वंदे मातरम के तृतीय चरण के साथ ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ को उत्सव के रूप में मनाए जाने का निर्णय लिया गया है। 09 से 17 अगस्त, 2026 के बीच सम्पूर्ण देश में ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम को भौतिक एवं डिजिटल दोनों रूप में आयोजित किया जाएगा; भौतिक रूप से तिरंगा फहराते हुए ‘वंदे मातरम’ का गायन किया जाएगा तथा डिजिटल सैलीब्रेशन के अन्तर्गत तिरंगा के साथ सैल्फी एवं वंदे मातरम के गायन को हर घर तिरंगा की वैबसाइट (www.harghartiranga.com) पर सैल्फी लेते हुए अपलोड किया जाएगा।
विभिन्न विभाग जैसे राजस्व विभाग, नगर विकास विभाग, पंचायती राज विभाग आदि एवं उनकी संस्थाएं, शैक्षणिक संस्थाएं तथा अन्य संस्थाएं इस अभियान में भाग लेते हुए हर घर तिरंगा की गतिविधियों को जनभागीदारी के साथ संचालित करेंगी। ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के अन्तर्गत निम्नवत् कार्यक्रम पूरे जनपद में प्रमुखता से आयोजित किए जाएंगे –
तिरंगा रैलीः जनपद में बड़े पैमाने पर तिरंगा रैलियों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए. जिसमें प्रतिभागी भारतीय राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) लेकर चलेंगे तथा रैली के आरम्भ में बंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। इनमें विद्यार्थी, युवा, सरकारी अधिकारी व कर्मचारी, सशस्त्र बलों के सदस्य, महिला स्वयं सहायता समूह तथा सामाजिक संगठन शामिल होंगे। रैलियों के लिए उचित मार्ग योजना, प्रतिभागियों का पंजीकरण, स्वतन्त्र सत्यापन तथा सुरक्षा एवं अनुशासन समस्त जिलों में सुनिश्चित किया जाए।
तिरंगा कॉन्सर्टः- जनपद में तिरंगा कॉन्सर्ट के आयोजन सुनिश्चित किए जाएं, जिनमें युद्धों में शहीद हुए सेनानियों व स्वतन्त्रता संग्राम के शहीदों को परिजनों को आमन्त्रित कर सम्मानित किया जाए। कॉन्सर्ट में स्थानीय जन प्रतिनिधियों / गणमान्य व्यक्तियों को मुख्य अतिथि के रूप में आमन्त्रित करते हुए उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जाए। कॉन्सर्ट के अन्तर्गत तिरंगा गान, देशभक्ति के गीतों तथा “वंदे मातरम” का सामूहिक गायन एवं अन्य राष्ट्रभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ साथ स्कूल बैण्ड / पुलिस बैण्ड / आर्मी बैण्ड आदि द्वारा राष्ट्रभक्ति के गीतों की धुनों के वादन को सम्मिलित किया जाए।
स्वतन्त्रता दिवस समारोहः स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा स्वतन्त्रता दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में “वंदे मातरम” का सामूहिक गायन तथा राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) का ध्वजारोहण सुनिश्चित किया जाएगा।
तिरंगा प्रदर्शनीः- प्रदेश के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों जैसे शॉपिंग मॉल, रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डे, बस अड्डे, सार्वजनिक उद्यान आदि में तिरंगा प्रदर्शनियां आयोजित की जाएं तथा यथासम्भव प्रदर्शनियों का उद्घाटन गणमान्य व्यक्तियों द्वारा कराया जाए। प्रदर्शनियों की रूपरेखा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा तैयार की गई है, जिसे हर घर तिरंगा पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है। इसका यूआरएल (URL) https://harghartiranga. com/downloads है।
राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा):- इस अभियान के अन्तर्गत प्रदेश के प्रत्येक घर, कार्यालय, सार्वजनिक उद्यम आदि पर तिरंगा फहराया जाना है। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता हो तथा राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) के वितरण के लिए योजना तैयार कर ली जाए।
तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा एवं अलंकरणः जनपद के समस्त सरकारी भवनों, हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, अस्पतालों, विद्यालयों, बाजारों, प्रमुख चौराहों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा एवं अलंकरण का कार्य कराया जाए।
तिरंगा थीम आधारित रंगोली: प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम आधारित रंगोली बनवाई जाएं।
तिरंगा-प्रेरित कलाकृतियाँ: विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों को प्रोत्साहित किया जाए कि ये परिसर की दीवारों पर तिरंगा प्रेरित कलाकृतियाँ, स्वतन्त्रता सेनानियों के चित्र तथा “वंदे मातरम” के अंश अंकित करें।
हर घर तिरंगा अभियान 2026 का प्रचार-प्रसारः समस्त विभागों एवं जिला प्रशासन तथा अन्य संस्थाओं की आधिकारिक वैबसाइट एवं उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए तथा सरकारी कर्मचारियों एवं आम जनमानस को डिजिटल अभियान में भाग लेने हेतु “सैल्फी विद तिरंगा को हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाए।
तिरंगा सैल्फी: तिरंगे के साथ सैल्फी लेते हुए फोटो एवं वंदे मातरम गायन के वीडियो हर घर तिरंगा वैबसाइट पर (www.harghartiranga.com) पर अपलोड किए जाएं। इस कार्य हेतु शिक्षा विभाग के माध्यम से प्रत्येक विद्यालय एवं शैक्षणिक संस्थान को निर्देश जारी किए जाएं कि विद्यालयों में सैल्फी प्वाइण्ट बनाते हुए विद्यार्थी तिरंगे के साथ सैल्फी लेकर एवं वंदे मातरम गाते हुए वीडियो एवं फोटो अपलोड करें।
हर घर तिरंगा कार्यक्रम में तिरंगा फहराने हेतु केन्द्र सरकार द्वारा वर्ष 2002 में जारी झण्डा संहिता में वर्ष 2021 में संशोधन किया गया है। जिला स्तर पर नामित नोडल का यह दायित्व होगा कि हर घर झण्डा फहराने हेतु नागरिकों को झण्डा फहराने की विधि, झण्डा तैयार करने हेतु निर्देश तथा अन्य जानकारियों से स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए।
इस वर्ष हर घर तिरंगा अभियान 2026 का आयोजन वंदे मातरम के 150वें वर्ष के स्मरणोत्सव को समर्पित होगा। भौतिक रूप से आयोजित कार्यक्रमों में वंदे मातरम का गायन अवश्य किया जाए। वंदे मातरम के गायन हेतु गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा गाइड लाइन्स जारी की गई है।
“हर घर तिरंगा अभियान 2026” के सफल आयोजन हेतु प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए दो करोड़ झण्डों का उत्पादन राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत स्वयं सहायता समूहों एवं शहरी क्षेत्रों में एक करोड़ झण्डों का उत्पादन राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अन्तर्गत स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से क्रमशः पंचायतीराज विभाग एवं नगर विकास विभाग द्वारा कराया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, एडीएम वि/रा गंभीर सिंह, जिला विकास अधिकारी संजय सिंह , उपायुक्त रोजगार डॉ आराधना त्रिपाठी, डीआईओएस अजय कुमार,संस्कृति सीएम फेलो आनंद तिवारी उपस्थित रहे।



