Azamgarh News:युवाओं को खेल, कौशल और स्टार्टअप से जोड़ रहे समाजसेवी ओंकार राय,
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
युवाओं को खेल, कौशल और स्टार्टअप से जोड़ रहे समाजसेवी ओंकार राय,
सगड़ी में जमीनी स्तर पर बढ़ रही नई पहल
युवा संवाद और युवा क्लबों के जरिए गांव-गांव पहुंच रहा ‘Sport • Skill • Startup’ का संदेश
आजमगढ़ जनपद के तहसील सगड़ी ग्रामीण अंचल के युवाओं को खेल, कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में समाजसेवी ओंकार राय की पहल सगड़ी क्षेत्र में लगातार नई पहचान बना रही है। ‘Sport • Skill • Startup’ की सोच के साथ शुरू की गई इस पहल के माध्यम से गांव-गांव युवाओं को संगठित कर युवा संवाद और युवा क्लबों के जरिए उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर दिया जा रहा है।
ओंकार राय के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को केवल खेल के मैदान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें खेल के साथ कौशल विकास और स्टार्टअप के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। इसी क्रम में हाल ही में चंगईपुर और पुरुषोत्तमपुर कैथौली में युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुरुषोत्तमपुर कैथौली में युवाओं को वॉलीबॉल किट उपलब्ध कराई गई। इसके बाद बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साह के साथ वॉलीबॉल खेल में हिस्सा लिया। ग्रामीण क्षेत्र में युवाओं की खेल प्रतिभा को सामने लाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की इस पहल को स्थानीय स्तर पर सकारात्मक प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
समाजसेवी ओंकार राय का कहना है कि गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही दिशा, संसाधन और प्रोत्साहन देने की है। उनका प्रयास है कि युवाओं को नशे और निराशा से दूर रखते हुए उन्हें खेल, शिक्षा, कौशल और रोजगार से जोड़ा जाए। उनका मानना है कि जब युवाओं को अवसर मिलता है तो वे न केवल अपनी पहचान बनाते हैं, बल्कि समाज और क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ओंकार राय की इस पहल की खास बात यह है कि इसमें युवाओं को सीधे संवाद के माध्यम से जोड़ा जा रहा है। गांवों में पहुंचकर उनकी समस्याएं, रुचियां और आवश्यकताओं को समझने के साथ ही उन्हें सामूहिक रूप से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। युवा क्लबों को मजबूत कर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
क्षेत्र के युवाओं का कहना है कि इस तरह की पहल से गांव के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिल रहा है और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच भी उपलब्ध हो रहा है। युवाओं के बीच बढ़ते उत्साह को देखते हुए आने वाले दिनों में इस अभियान को सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के और अधिक गांवों तक पहुंचाने की तैयारी है।
“गांव की प्रतिभा को गांव में ही अवसर”
समाजसेवी ओंकार राय की पहल का मूल संदेश यही है कि गांव की प्रतिभा किसी शहर से कम नहीं है, जरूरत सिर्फ उसे अवसर देने की है। खेल के मैदान से लेकर कौशल विकास और स्टार्टअप तक युवाओं को जोड़ने का यह प्रयास आने वाले समय में सगड़ी क्षेत्र में युवाओं के लिए नई संभावनाओं का रास्ता खोल सकता है।



