Azamgarh News:कुपोषण मुक्त आजमगढ़ के लक्ष्य को लेकर डीएम ने की जिला पोषण एवं कन्वर्जेन्स समिति की समीक्षा बैठक*

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय:
*कुपोषण मुक्त आजमगढ़ के लक्ष्य को लेकर डीएम ने की जिला पोषण एवं कन्वर्जेन्स समिति की समीक्षा बैठक*
आंगनबाड़ी केन्द्रों पर गुणवत्तायुक्त गर्म भोजन, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने का जिलाधिकारी ने दिया निर्देश*
कुपोषण के खिलाफ तेज होगी मुहिम, डीएम ने सैम-मैम बच्चों की नियमित निगरानी के दिए निर्देश*
*शत-प्रतिशत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं के बनें गोल्डेन कार्ड- जिलाधिकारी*
आजमगढ़, 18 अगस्त 2026/
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति एवं जिला कन्वर्जेन्स समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सर्वप्रथम जनपद में आंगनबाड़ी केन्द्र भवनों के निर्माण एवं संचालन की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन आंगनबाड़ी केन्द्र भवनों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, उनमें यथाशीघ्र विद्युत संयोजन का कार्य पूर्ण कराया जाए, जिससे केन्द्रों का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने पोषण पुनर्वास केन्द्र (एनआरसी) में भर्ती होने वाले बच्चों एवं उनके अभिभावकों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि भोजन पौष्टिक, स्वच्छ एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए।
बैठक में हॉट कुक्ड मील योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तायुक्त एवं गर्म भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बच्चों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन के संबंध में किसी भी स्तर से शिकायत नहीं आनी चाहिए। संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी इसकी नियमित जांच सुनिश्चित करें।
सैम एवं मैम श्रेणी के बच्चों की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि ऐसे बच्चों का नियमित रूप से वजन कराया जाए तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें पोषण पुनर्वास केन्द्र (एनआरसी) से जोड़कर स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने सुधारात्मक कार्यवाही करते हुए पोषण संबंधी संकेतकों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को योजना का लाभ समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करते हुए पात्र लाभार्थियों को शासन की योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि भर्ती प्रक्रिया शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराई जाए, ताकि आंगनबाड़ी केन्द्रों के संचालन एवं सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शत-प्रतिशत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के गोल्डेन कार्ड बनाए जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान चलाकर इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के कारण किसी भी आंगनबाड़ी केन्द्र में लीकेज की समस्या नहीं होनी चाहिए। सभी केन्द्रों पर खिड़की, दरवाजे सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त एवं उपलब्ध रहनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आंगनबाड़ी केन्द्रों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति का सत्यापन करने तथा कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि कुपोषण मुक्त आजमगढ़ के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय एवं प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देशित किया कि पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, डीसी एनआरएलएम डॉ0 आराधना त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमन्त सिंह, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 आलेन्द्र, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी वर्षा अग्रवाल, समस्त सीडीपीओ, सुपरवाइजर तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



