Azamgarh News:मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, 31 हजार से अधिक स्वयंसेवकों एवं परिजनों को मिलेगा ₹5 लाख तक का निःशुल्क उपचार*

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय:

*मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, 31 हजार से अधिक स्वयंसेवकों एवं परिजनों को मिलेगा ₹5 लाख तक का निःशुल्क उपचार*

*पीआरडी जवानों के हित में मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात, ड्यूटी भत्ता ₹500 से बढ़कर ₹600 प्रतिदिन*

*जनपद के हरिऔध कला केंद्र में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण*

आजमगढ़ 18 अगस्त 2026//

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा महायोगी गुरु गोरखनाथ की पावन धरा गोरखपुर में प्रांतीय रक्षक दल के जवानों का सम्मेलन एवं रु0 23 करोड़ से लखनऊ स्थित ग्राम-एटर पश्चिम, सरोजनी नगर में बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास तथा मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया। उक्त कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जिलाध्यक्ष आजमगढ़ ध्रुव सिंह की उपस्थिति में जनपद के हरिऔध कला केंद्र में किया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान मा0 मुख्यमंत्री जी ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के पीआरडी जवानों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री जी द्वारा पीआरडी जवानों के हित में ड्यूटी भत्ते को ₹500 से बढ़ाकर ₹600 प्रतिदिन किए जाने तथा कैशलेस हेल्थ कार्ड सहित अन्य कल्याणकारी सुविधाओं की घोषणा की गई। मा0 मुख्यमंत्री जी की घोषणाओं से उपस्थित पीआरडी जवानों में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण रहा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम सब ‘मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना’ के शुभारंभ कार्यक्रम के साथ जुड़ रहे हैं। 31 हजार से अधिक स्वयंसेवकों एवं उनके परिजनों को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक की नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज से पीआरडी जवानों को ₹5 लाख का वार्षिक स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया जा रहा है। अब आप किसी भी सरकारी हॉस्पिटल या सरकार द्वारा इम्पैनल्ड निजी क्षेत्र के हॉस्पिटल में जाकर अपने परिवार का भी उपचार कराने के लिए स्वतंत्र होंगे। आज उत्तर प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना की सुविधा आप सभी 31,000 स्वयंसेवकों को प्रदान कर रही है।

 

मा0 मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश के सुरक्षा तंत्र को सुदृढ़ करने के साथ-साथ सुरक्षा बलों के जवानों के कल्याण और सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रांतीय रक्षक दल के जवान प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। प्रदेश सरकार का उद्देश्य पी.आर.डी. के जवानों को बेहतर आवासीय सुविधाएं, स्वास्थ्य सेवाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उनके मनोबल को और मजबूत करना है। सरकार के इन प्रयासों से जवानों के कल्याण के साथ-साथ प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।

 

जनपद स्तरीय कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने सभी पीआरडी जवानों को ड्यूटी भत्ते में वृद्धि की बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा शासन द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह द्वारा पीआरडी जवानों को संबोधित करते हुए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं पूर्ण समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया गया।

 

इस अवसर पर पीआरडी जवानों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा, राशन की व्यवस्था तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही जवानों को शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक एवं प्रेरित किया गया।

 

कार्यक्रम के सफल आयोजन में अखिलेश्वर मौर्य, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, ठेकमा एवं सुश्री आस्था सिंह, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में जनपद के 500 से अधिक पीआरडी जवानों ने प्रतिभाग किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button