Azamgarh News:फर्जी मदरसा संचालन कर सरकारी अनुदान गबन का आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
फर्जी मदरसा संचालन कर सरकारी अनुदान गबन का आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना पुलिस ने फर्जी मदरसा संचालित कर कूटरचित दस्तावेजों के जरिए सरकारी अनुदान की धनराशि के गबन के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, राज्य विशेष अपराध अनुसंधान शाखा (EOW), मुख्यालय लखनऊ के निरीक्षक एवं जांच अधिकारी कुँवर ब्रह्म प्रकाश सिंह की तहरीर पर मदरसा दर्सगाह अरबियां निस्वां, चांदपट्टी के प्रबंधक अंसार अहमद (55) के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र, धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर सरकारी धनराशि का गबन करने के आरोप में 7 फरवरी 2025 को रौनापार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मानचन्द्र यादव कर रहे थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत सोमवार को उपनिरीक्षक मानचन्द्र यादव ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ आरोपी अंसार अहमद को उसके गांव चांदपट्टी स्थित घर से सुबह करीब 11:50 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ रौनापार थाने में धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों से संबंधित मुकदमे के अलावा वर्ष 2019 में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मानचन्द्र यादव, हेड कांस्टेबल संतोष मिश्रा और कांस्टेबल मो. जावेद शामिल रहे।



