Gazipur news:गाजीपुर की बेटी महिला सिपाही प्रियंका यादव की कौशांबी में गोली लगने से मौत, गांव में मातम

Ghazipur News: Ghazipur's daughter, female constable Priyanka Yadav, died after being shot in Kaushambi, mourning in the village.

गाजीपुर/कौशांबी। कौशांबी जिले के मंझनपुर स्थित महिला थाना में तैनात गाजीपुर की महिला आरक्षी प्रियंका यादव की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में इंसास राइफल से गोली लगने के कारण मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गाजीपुर जिले के सिखड़ी ग्राम सभा के खिलवा गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, प्रियंका यादव मंझनपुर महिला थाना में तैनात थीं। मंगलवार को थाना परिसर में उन्हें इंसास राइफल से गोली लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई।मृतका के पिता रवींद्र यादव पूर्व सैनिक हैं और वर्तमान में बिल्डिंग मटेरियल का व्यवसाय करते हैं। बेटी की मौत की खबर मिलते ही वह परिजनों के साथ कौशांबी के लिए रवाना हो गए। प्रियंका के परिवार में एक छोटा भाई और एक बहन भी हैं। घटना की सूचना मिलते ही मां प्रमिला देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण व शुभचिंतक परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।कौशांबी पुलिस के अनुसार, महिला आरक्षी की मौत इंसास राइफल से चली गोली लगने के कारण हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली दुर्घटनावश चली या घटना के पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रियंका यादव की असामयिक मौत से उनके पैतृक गांव खिलवा समेत पूरे क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button