Gazipur news:विवाहिता की संदिग्ध मौत: कमरे में फंदे से लटका मिला शव, ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप
Ghazipur News: Married woman's suspicious death: Body found hanging in room, serious allegations against in-laws

Gazipur news
बिरनो (गाजीपुर)। मरदह थाना क्षेत्र के घरीहां गांव में बुधवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। विवाहिता का शव घर के एक कमरे में फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं मायके पक्ष ने पति और ससुराल के अन्य लोगों पर प्रताड़ना एवं मारपीट का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र स्थित पिचरी गांव निवासी चंद्रकला कनौजिया का विवाह लगभग तीन वर्ष पूर्व मरदह थाना क्षेत्र के घरीहां गांव निवासी पवन कनौजिया के साथ हुआ था। परिजनों के मुताबिक विवाह के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन समय बीतने के साथ पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगा।
मृतका के मायके वालों का आरोप है कि पति पवन कनौजिया आए दिन चंद्रकला के साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिजनों ने ससुर पर भी प्रताड़ना का आरोप लगाया है। मृतका के भाई का कहना है कि जब भी वह अपनी बहन को मायके ले जाने के लिए विदाई कराने की बात करता था, ससुराल पक्ष उसे भेजने से इंकार कर देता था।
बुधवार को चंद्रकला के फंदे से लटकने की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग तत्काल घरीहां गांव पहुंचे। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। कासिमाबाद क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घरीहां गांव में एक महिला के बंद कमरे में फंदा लगाने की सूचना प्राप्त हुई थी। मामले में तहरीर मिलने के बाद सभी पहलुओं की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।



