Azamgarh News:600 लाभार्थियों को ₹100 करोड़ की ऋण राशि वितरित, स्वरोजगार एवं उद्यमिता को मिला प्रोत्साहन

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय

600 लाभार्थियों को ₹100 करोड़ की ऋण राशि वितरित, स्वरोजगार एवं उद्यमिता को मिला प्रोत्साहन*

 

बैंकों एवं प्रशासन के बेहतर समन्वय से पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें—जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार

 

ऋण का सदुपयोग कर समय से पुनर्भुगतान करें, स्वरोजगार एवं उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनें—डीएम

 

आजमगढ़, 10 सितम्बर 2026/ जनपद के अग्रणी बैंक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा हरिऔध कला केंद्र, आजमगढ़ में भव्य मंडलीय मेगा क्रेडिट कैंप एवं ऋण वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न बैंकों द्वारा चयनित लाभार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा बैंकिंग कार्यक्रमों के अंतर्गत ऋण स्वीकृति पत्र एवं चेक वितरित किए गए।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बैंकिंग क्षेत्र एवं जिला प्रशासन के मध्य बेहतर समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य पात्र व्यक्तियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार, उद्यमिता एवं आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने बैंकों से आह्वान किया कि पात्र लाभार्थियों के ऋण आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करते हुए अधिकाधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि वित्तीय समावेशन, स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे ये प्रयास विकसित भारत के संकल्प तथा भारत सरकार के मिशन-2047 को साकार करने की दिशा में उठाए जा रहे छोटे-छोटे किंतु महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने लाभार्थियों से ऋण राशि का सदुपयोग कर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने तथा समय से ऋण का पुनर्भुगतान करने की अपील की।

 

अपने स्वागत भाषण में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्र प्रमुख (साउथ) इश्तियाक़ अरशद ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र वित्तीय समावेशन, स्वरोजगार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। मेगा क्रेडिट कैंप के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों तक ऋण सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक और प्रशासन मिलकर जनपद में आर्थिक गतिविधियों को गति देने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।

 

25 अगस्त 2026 से 09 सितम्बर 2026 तक आयोजित क्रेडिट कैंप के दौरान मंडल में लगभग 20 बैंकों द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 8,921 लाभार्थियों को कुल ₹519 करोड़ की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई। इसमें स्वरोजगार, कृषि, सूक्ष्म एवं लघु उद्यम, महिला सशक्तिकरण तथा अन्य प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी शामिल हैं।

 

मंडलीय क्रेडिट कैंप के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में 600 लाभार्थियों को लगभग ₹100 करोड़ की ऋण राशि वितरित की गई। इस वित्तीय सहायता से लाभार्थियों को अपने व्यवसाय एवं उद्यम स्थापित करने, कृषि गतिविधियों को विस्तार देने तथा स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

 

कार्यक्रम में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (उत्तर) के क्षेत्र प्रमुख मनीष कुमार, भारतीय स्टेट बैंक के आरबीसी प्रमुख अजीत कुमार तिवारी, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के प्रमुख रवि प्रकाश श्रीवास्तव, डीडीओ संजय कुमार सिंह सहित विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी, लाभार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

उपस्थित अतिथियों ने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बैंक ऋण को केवल आर्थिक सहायता के रूप में न लेकर स्वावलंबन और उद्यमिता का माध्यम बनाया जाए। उन्होंने लाभार्थियों से ऋण का निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप सदुपयोग करने, व्यवसाय को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने तथा समय से ऋण की किश्तों का भुगतान करने का आह्वान किया।

 

वक्ताओं ने कहा कि बैंकिंग संस्थानों एवं जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से जनपद में वित्तीय समावेशन को मजबूती मिल रही है। ऋण सुविधाओं के विस्तार से नए उद्यम स्थापित होने, रोजगार के अवसर बढ़ने तथा स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावनाएं बढ़ी हैं।

 

कार्यक्रम के अंत में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के अग्रणी जिला प्रबंधक अभिषेक कुमार द्वारा सभी अतिथियों, बैंक अधिकारियों, लाभार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इसके साथ ही मेगा क्रेडिट कैंप एवं ऋण वितरण समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button