Azamgarh News:विनोद राय जिवली आवास पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, दिवंगत आत्मा को दी श्रद्धांजलि
विनोद राय जिवली आवास पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, दिवंगत आत्मा को दी श्रद्धांजलि
ठेकमा,आजमगढ़
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक शुक्रवार को आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र के जिवली गांव पहुंचे। यहां उन्होंने वरिष्ठ भाजपा नेता विनोद राय के आवास पर पहुंचकर उनकी दिवंगत माता जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उनके साथ परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह भी मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि माता का निधन परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक क्षण है। इस दुख की घड़ी में सरकार और पार्टी परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद उप मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत भी की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा जब भी सत्ता में रही है, उस दौरान अनर्गल बयानबाजी, गुंडई और दंगों जैसी घटनाओं को बढ़ावा मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और सुरक्षित माहौल चाहती है तथा सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है।ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है। किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य आम जनता को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना और विकास की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।



