Gazipur news:सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने में जुटी भाजपा, जखनियां में बनी माहभर की रणनीति

Ghazipur News: BJP engaged in making Seva Sankalp Abhiyan successful, month-long strategy made in Jakhaniya

जखनियां (गाजीपुर)। भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान (17 सितंबर से 17 अक्टूबर) के तहत सोमवार को ग्राम पंचायत भवन जखनियां में जखनिया मंडल प्रथम की कार्ययोजना बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष धर्मवीर राजभर ने की, जबकि अभियान की रूपरेखा और कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए मंडल प्रभारी संतोष चौहान ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान पूरे देश में व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम से होगी, जिसके तहत भाजपा परिवारों, सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घरों तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा बहुओं के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान समाज सेवा और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों को भी गति दी जाएगी।

भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष 7 अक्टूबर 2026 को पूर्ण हो रहे हैं। इसी अवसर पर उनके जन्मदिन से शुरू होने वाला सेवा संकल्प अभियान 13 विभिन्न विषयों पर आधारित रहेगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं, डिजिटल प्रदर्शनियां, स्वास्थ्य मेले, रक्तदान शिविर, सघन वृक्षारोपण अभियान तथा नशामुक्त भारत जैसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को “सुशासन सेवा संवाद” कार्यक्रम के साथ होगा।

बैठक में जिला प्रतिनिधि उमाशंकर यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता दयाशंकर सिंह, मंडल महामंत्री पीयूष सिंह, ओम प्रकाश दूबे, शिव सिंह, उमाशंकर राजभर, रामाश्रय पांडेय, यशवंत चौहान, रामरतन कुशवाहा, प्रशांत सिंह, अरविंद चौहान, शंभूनाथ त्रिपाठी, अशोक गुप्ता सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button