Jabalpur news:सड़क किनारे बुजुर्ग की मौत, बेटी ने दी मुखाग्नि
Jabalpur News: Elderly man dies on roadside, daughter performs last rites

जबलपुर में रानीताल गेट नंबर-4 के पास हनुमान मंदिर के सामने सड़क किनारे 70 वर्षीय अशोक कुमार जैन मृत अवस्था में मिले। उनकी तबीयत खराब थी और उन्हें दस्त की शिकायत थी। बीमारी के चलते उनकी मौतहोने की बात सामने आई है। सुबह जानकारी मिलने पर उनकी बेटी अनीता जैन मौके पर पहुंचीं।अनीता ने बताया कि उनके पिता मजदूरी करके अपना भरण-पोषण करते थे और कई बार हनुमान मंदिर के पास ही सो जाया करते थे। पिता की मौत के बाद अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने में भी परेशानी सामने आई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने इसकी जानकारी गरीब नवाज कमेटी के सैयद इनायत अली को दी। सूचना मिलने पर इनायत अली मौके पर पहुंचे और अनीता से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि अशोक कुमार जैन का शव रानीताल गेट नंबर-4 के पास हनुमान मंदिर के सामने डिवाइडर पर पड़ा था। परिवार की स्थिति को देखते हुए सैयद इनायत अली ने राहगीरों और जरूरतमंद लोगों के सहयोग से शव को रानीताल मुक्तिधाम पहुंचाने की व्यवस्था की। इसके बाद हिंदू रीति-रिवाज से अशोक कुमार जैन का अंतिम संस्कार कराया गया। अनीता ने बताया कि उनका कोई भाई नहीं है, इसलिए उन्होंने खुद पिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान उन्होंने बेटी होने का फर्ज निभाते हुए अपने पिता को अंतिम विदाई दी। घटना में एक ओर बेटी द्वारा पिता के प्रति जिम्मेदारी निभाने की तस्वीर सामने आई, वहीं दूसरी ओर मुस्लिम समाजसेवी द्वारा अंतिम संस्कार में मदद कर इंसानियत की मिसाल पेश की गई।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



