Jabalpur news:पंचायत के निर्माण में करोड़ों का खेल! राशि निकली, काम अधूरे मिले-सरपंच पद से बाहर, सचिव निलंबित
Jabalpur News: Crores of rupees embezzled in Panchayat construction! Funds withdrawn, work incomplete – Sarpanch removed from office, secretary suspended
जबलपुर के शहपुरा जनपद पंचायत की एक ग्राम पंचायत में निर्माण कार्यों के नाम पर कथित वित्तीय गड़बड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। शिकायत के बाद एसडीएम की अध्यक्षता में गठित जांच दल ने जब पंचायत के निर्माण कार्यों की पड़ताल की तो कई काम अधूरे मिले, जबकि उनकी राशि पहले ही निकाली जा चुकी थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सरपंच को मध्यप्रदेश पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत पद से पृथक कर दिया, जबकि संबंधित पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया।
जांच में करीब सवा करोड़ रुपये की राशि निर्माण कार्यों के नाम पर निकाले जाने की बात सामने आई है। प्रशासन के मुताबिक मौके पर करीब 15 से 20 लाख रुपये के निर्माण कार्य ही शेष पाए गए, जबकि बाकी काम कराए जा चुके थे। बिना काम पूरा हुए राशि आहरित किए जाने को गंभीर वित्तीय अनियमितता मानते हुए अब अधूरे कार्यों को लेकर धारा 92 के तहत नोटिस जारी कर राशि की वसूली की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पंचायत में हुई इस कार्रवाई के बाद निर्माण कार्यों और सरकारी राशि के इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



