जबलपुर:गांधी-शास्त्री जयंती पर टाउन हॉल में गूंजा सेवा और स्वच्छता का संकल्प, सांसद आशीष दुबे ने किया महापुरुषों को नमन
Jabalpur: On Gandhi-Shastri Jayanti, the Town Hall resonated with the pledge of service and cleanliness; MP Ashish Dubey paid tribute to the great men.

जबलपुर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जबलपुर के टाउन हॉल स्थित गांधी प्रतिमा पर श्रद्धा और सम्मान का माहौल देखने को मिला। सांसद आशीष दुबे, भाजपा नगराध्यक्ष रत्नेश सोनकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को याद किया। इस दौरान सत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्रसेवा के उनके संदेशों को आत्मसात करने का संकल्प भी लिया गया।
इस अवसर पर सांसद आशीष दुबे ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को आजादी दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई, वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रभक्ति की मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण, स्वच्छता, नशा मुक्ति और जनसेवा के संकल्पों को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
भाजपा नगराध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचार आज भी देश को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं। शास्त्री जी का दिया नारा ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी देश की सुरक्षा और किसानों के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन महापुरुषों के आदर्शों को जनसेवा के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है। कार्यक्रम में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों महान नेताओं को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने और राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



