आइडियल पत्रकार संगठन की बैठक में कई मुद्दों पर हुई चर्चा

पत्रकार सुरक्षा और रेल रियायत बहाली को लेकर आइडियल पत्रकार संगठन की बैठक

लातेहार। पत्रकारों की सुरक्षा, उनके अधिकारों और पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर आइडियल पत्रकार संगठन के झारखंड प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश अध्यक्ष ई. विनय कुमार मेहता, मैनेजिंग डायरेक्टर, रेडियो सम्राट, की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, प्रदेश स्तर पर पत्रकारों को एकजुट करने तथा पत्रकार हित से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, पत्रकारों को रेल यात्रा में मिलने वाली रियायत को पुनः बहाल करने तथा पत्रकारों के लिए प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर विशेष जोर दिया गया । पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण प्रहरी हैं और उनके कार्य को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार तथा समाज की जिम्मेदारी है। बैठक के क्रम में संगठन के पदाधिकारियों ने लातेहार जिले का भ्रमण भी किया। इस दौरान लातेहार के वरिष्ठ पत्रकार सुनील कुमार एवं मनोज दत्त तथा मनिका क्षेत्र के पत्रकारों के साथ संगठन की भावी रणनीति और पत्रकार हित से जुड़े विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। स्थानीय पत्रकारों की समस्याओं और संगठन के विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि झारखंड प्रदेश स्तर पर शीघ्र ही एक कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा विशेष रूप से शामिल होंगे। कार्यशाला में पत्रकार सुरक्षा, पत्रकारों के अधिकार, बदलते मीडिया परिदृश्य, डिजिटल पत्रकारिता तथा पत्रकारों के सामने आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी। मौके पर ई. विनय कुमार मेहता, प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की बुनियाद को मजबूत करने का काम करती है। इसलिए पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। संगठन प्रदेश के पत्रकारों को एक मंच पर लाकर उनके अधिकारों की आवाज को मजबूती से उठाएगा।

संजय पांडेय, कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि

पत्रकारों की सुरक्षा आज के समय की आवश्यकता है। देश के विभिन्न हिस्सों में पत्रकार अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए अनेक चुनौतियों का सामना करते हैं। संगठन पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को प्रभावी ढंग से उठाएगा। साथ ही पत्रकारों को रेल यात्रा में मिलने वाली रियायत को पुनः बहाल करने की मांग भी प्रमुखता से रखी जाएगी। जल्द ही राष्ट्रीय कमेटी का शिष्टमंडल रेल मंत्री से मिलेगा। हमारा प्रयास होगा कि पत्रकार हित के मुद्दों पर सरकार और संबंधित संस्थाओं तक संगठित एवं तथ्यपूर्ण आवाज पहुंचाई जाए। अजीत कुमार पाठक, पलामू जिला अध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण और छोटे शहरों के पत्रकारों की समस्याएं अलग प्रकृति की हैं। उन्हें संसाधनों, प्रशिक्षण और सुरक्षा की अधिक आवश्यकता है। संगठन का प्रयास रहेगा कि जिला स्तर पर पत्रकारों को मजबूत नेटवर्क उपलब्ध कराया जाए और उनकी समस्याओं को प्रदेश स्तर तक पहुंचाया जाए। पंकज प्रसून, प्रदेश सचिव ने कहा कि संगठन के आगामी कार्यक्रमों को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने की रणनीति बनाई जा रही है। पत्रकारों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ प्रशिक्षण कार्यक्रमों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

रोहित कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि

पत्रकारिता तेजी से बदल रही है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के विस्तार के साथ पत्रकारों के सामने नई चुनौतियां भी आई हैं। प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला पत्रकारों को इन चुनौतियों से निपटने में उपयोगी साबित होगी।रवि शंकर दुबे, प्रदेश संयुक्त सचिव ने कहा कि लातेहार और मनिका क्षेत्र के पत्रकारों से संवाद के दौरान स्थानीय स्तर की कई महत्वपूर्ण समस्याएं सामने आई हैं। संगठन इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए पत्रकारों को संगठनात्मक रूप से मजबूत करने की दिशा में काम करेगा। बैठक में समाजसेवी रोहित तिवारी भी शामिल थे। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकारों की एकजुटता, सुरक्षा और पेशेवर क्षमता को मजबूत करने के लिए संगठन आने वाले दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में संवाद एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button