Mau news:308 पहियों वाले ‘बाहुबली’ ट्रक को देखने उमड़ी भीड़, लोगों ने बनाई रील्स
करीब 200 टन वजनी विशाल औद्योगिक मशीन लेकर घोसी पहुंचा ट्रक, दोहरीघाट होते हुए गोरखपुर की ओर रवाना

ब्यूरोप्रमुखमऊ, अशोक श्रीवास्तव
Mau News:घोसी।मऊ। वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर गुरुवार दोपहर 308 पहियों वाला विशालकाय ‘बाहुबली’ ट्रक घोसी पहुंचा तो उसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट गई। ट्रक पर लदी करीब 200 टन वजनी विशाल औद्योगिक मशीन को देखकर लोग हैरान रह गए। सड़क से गुजरते इस अनोखे ट्रक को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करने के लिए लोगों में होड़ मच गई। कई लोग वीडियो बनाने लगे तो कुछ ने सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए रील्स भी बनाईं।
308 पहियों वाले इस ट्रक पर बेल्जियम से मंगाई गई करीब 200 टन वजनी विशाल औद्योगिक मशीन लदी हुई है। इसे साइक्लाइजेशन रिएक्टर/बायलर बताया जा रहा है। यह भारी-भरकम ट्रक घोसी से दोहरीघाट होते हुए गोरखपुर की ओर जा रहा है। इसके बाद मशीन को उत्तर प्रदेश के बलरामपुर और लखीमपुर खीरी तक पहुंचाया जाना है।
ट्रक का विशाल आकार, सैकड़ों पहियों वाला ढांचा और उस पर लदी भारी मशीन लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। घोसी में ट्रक के पहुंचते ही सड़क के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों से लेकर स्थानीय लोगों तक, हर कोई इस अनोखे नजारे को देखने और अपने मोबाइल में कैद करने के लिए उत्सुक नजर आया। कुछ देर तक इलाके में इस विशालकाय ट्रक को लेकर चर्चा होती रही।



