Azamgarh news :शारदीय नवरात्रि एवं मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत आजमगढ़ पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन हेतु चलाया गया व्यापक जागरूकता अभियान
शारदीय नवरात्रि एवं मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत आजमगढ़ पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन हेतु चलाया गया व्यापक जागरूकता अभियान

जनपद के 26 थानों में 190 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित; 4,429 महिलाएं/बालिकाएं एवं 1,898 पुरुष हुए जागरूक, एंटी रोमियो स्क्वाड एवं यातायात पुलिस द्वारा भी की गई प्रभावी कार्यवाही
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तीकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी मिशन शक्ति श्री पंकज श्रीवास्तव एवं पर्यवेक्षण अधिकारी क्षेत्राधिकारी लालगंज श्रीमती आस्था जायसवाल के नेतृत्व में मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त थानों में नियुक्त महिला बीट पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों, बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।
जागरूकता कार्यक्रम एवं सहभागिता
मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत जनपद के कुल 26 थानों में जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्राप्त दोनों कार्यवाही विवरणों के अनुसार कुल 112 ग्राम पंचायतों/वार्डों में 190 कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 4,429 महिलाएं/बालिकाएं एवं 1,898 पुरुषों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान कुल 3,392 मुद्रित प्रचार सामग्री एवं 42 ऑनलाइन सॉफ्ट कॉपी वितरित की गईं।
महिला सुरक्षा हेल्पलाइन एवं कानूनों के प्रति जागरूकता
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों 1090, 1098, 1076, 181, 112, 102 एवं 108 की जानकारी दी गई। साथ ही कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, निषेध एवं निवारण अधिनियम, 2013 (POSH Act) के संबंध में जागरूक करते हुए उपलब्ध सहायता एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
एंटी रोमियो स्क्वाड एवं यातायात पुलिस की कार्यवाही
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर स्टंटबाजी करने वाले वाहनों के विरुद्ध यातायात पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए कुल 99 वाहनों का चालान किया गया तथा 02 वाहनों से ब्लैक फिल्म उतरवाई गई।
एंटी रोमियो स्क्वाड द्वारा कुल 137 स्थानों पर चेकिंग करते हुए 2,237 व्यक्तियों की जांच की गई। इस दौरान 02 अभियोग पंजीकृत कर संबंधित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया तथा 187 व्यक्तियों को चेतावनी दी गई। इसके अतिरिक्त कुल 662 निजी टैक्सी/वाहनों की चेकिंग कर सत्यापन किया गया।
आजमगढ़ पुलिस की अपील
शारदीय नवरात्रि एवं मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत आजमगढ़ पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तीकरण हेतु निरंतर प्रयासरत है। जनजागरूकता कार्यक्रमों एवं प्रभावी पुलिस कार्यवाही के माध्यम से सुरक्षित, जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए आजमगढ़ पुलिस प्रतिबद्ध है।



