Azamgarh News:आजमगढ़ में मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन, आपत्ति और सुझाव मांगे गए
आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
आजमगढ़ में मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन, आपत्ति और सुझाव मांगे गए
19 अक्टूबर को सभी विधानसभा क्षेत्रों की सूची तहसील और जिला निर्वाचन कार्यालय में की गई उपलब्ध
आजमगढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद की सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कराने के बाद प्रस्तावित सूची तैयार कर ली गई है। आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 को मतदेय स्थलों की सूची का आलेख्य प्रकाशन संबंधित विधानसभा मुख्यालयों, तहसील कार्यालयों और जिला निर्वाचन कार्यालय, आजमगढ़ में कर दिया गया।
जनपद के अतरौलिया, गोपालपुर, सगड़ी, मुबारकपुर, आजमगढ़, निजामाबाद, फूलपुर-पवई, दीदारगंज, लालगंज (अजा.) और मेंहनगर (अजा.) विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की सूची प्रकाशित की गई है।
प्रशासन ने सभी सम्मानित मतदाताओं, राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे प्रकाशित सूची का भली-भांति निरीक्षण कर लें। यदि सूची में किसी प्रकार की त्रुटि दिखाई देती है या कोई आपत्ति अथवा सुझाव देना है, तो उसे संबंधित तहसील कार्यालय में उपजिलाधिकारी अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय, आजमगढ़ में यथाशीघ्र उपलब्ध कराएं।
प्रशासन के अनुसार मतदेय स्थलों की सूची किसी भी कार्यालय दिवस में संबंधित उपजिलाधिकारी एवं तहसील कार्यालय तथा जिला निर्वाचन कार्यालय में निःशुल्क देखी जा सकती है। इसके अतिरिक्त जनपद की आधिकारिक वेबसाइट पर भी सूची उपलब्ध है।



