Jabalpur news:सिर पर भारी लाइट उठाने वाली महिलाओं को पानी पिलाती दिखीं ASP पल्लवी शुक्ला, गढ़ा के दशहरा चल समारोह का वीडियो चर्चा में
Jabalpur News: ASP Pallavi Shukla was seen giving water to women carrying heavy lights on their heads, the video of the Dussehra procession in Garha is in discussion.

जबलपुर के गढ़ा में आज दशहरा चल समारोह के दौरान एक ऐसा नजारा सामने आया, जिसने लोगों का दिल जीत लिया। चल समारोह की व्यवस्थाओं पर निगरानी रख रहीं एडिशनल एसपी पल्लवी शुक्ला सिर पर भारी लाइट उठाकर चल रही मजदूर महिलाओं को पानी पिलाती नजर आईं। इस दौरान वहां मौजूद पत्रकारों और आम लोगों ने उनके इस संवेदनशील अंदाज की सराहना की। दशहरा चल समारोह की भव्यता के बीच पुलिस अधिकारी का यह मानवीय चेहरा लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
जबलपुर में दुर्गा प्रतिमाओं के आगमन और विसर्जन के साथ दशहरा चल समारोह में भी रोशनी वाली भारी लाइटें आकर्षण का प्रमुख हिस्सा होती हैं। इन लाइटों को महिला और पुरुष मजदूर अपने सिर पर रखकर कई किलोमीटर तक चलते हैं, ताकि पूरा जुलूस जगमगाता रहे। शादी-विवाह और दूसरे आयोजनों में भी ये मजदूर इसी तरह मेहनत करते हैं। लेकिन आयोजन की चमक-दमक के बीच अक्सर उनकी मेहनत, थकान और जरूरतों पर किसी का ध्यान नहीं जाता। नेताओं और मंत्रियों के स्वागत में लाखों रुपये खर्च हो जाते हैं, लेकिन आयोजन को आकर्षक बनाने वाले इन मेहनतकश लोगों की परेशानी अनदेखी रह जाती है।
ऐसे में गढ़ा के दशहरा चल समारोह से सामने आए इस वीडियो और तस्वीर ने पुलिस की संवेदनशील भूमिका को उजागर किया। एडिशनल एसपी पल्लवी शुक्ला ने कानून-व्यवस्था और आयोजन की निगरानी के साथ उन महिलाओं की जरूरत का भी ध्यान रखा, जो सिर पर भारी लाइट उठाकर चल रही थीं। इससे पहले भी पल्लवी शुक्ला की कई तस्वीरें और वीडियो पुलिस का मानवीय पक्ष सामने ला चुके हैं। इस बार भी उनके इस छोटे-से प्रयास की लोगों ने तारीफ की। यह नजारा संदेश देता है कि किसी समारोह की असली रौनक सिर्फ रोशनी और सजावट में नहीं, बल्कि उसे सफल बनाने वाले मेहनतकश लोगों के सम्मान और उनकी परवाह में भी होती है।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



