Jabalpur news:सिंदूर खेला के साथ मां दुर्गा की विदाई
सिटी बंगाली क्लब में भावुक हुआ माहौल, अगले बरस फिर आने का निमंत्रण
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के सिटी बंगाली क्लब में दुर्गा पूजा उत्सव के अंतिम दिन मां दुर्गा की आराधना का समापन पारंपरिक बंगाली रीति-रिवाजों और भावुक विदाई के साथ हुआ। इस दौरान महिलाओं ने मां दुर्गा की नजर उतारी, उन्हें सिंदूर अर्पित किया और पारंपरिक सिंदूर खेला उत्सव मनाते हुए एक-दूसरे को सिंदूर लगाया। पंडाल में कहीं उल्लास, नृत्य और उत्सव की रौनक नजर आई, तो कहीं मां की विदाई के समय श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। बातचीत के दौरान सोनिका रघुवंशी ने बताया कि जिस तरह घर आई बेटी को परिवार पूरे प्रेम और सम्मान के साथ विदा करता है, उसी तरह मां दुर्गा को भी बेटी मानकर भावपूर्ण विदाई दी जाती है। इस अवसर पर महिलाओं ने मां से सभी के सुहाग की रक्षा, परिवारों में सुख-समृद्धि और शांति बनाए रखने की प्रार्थना की। साथ ही मां दुर्गा को अगले वर्ष फिर आने का आत्मीय निमंत्रण दिया। सिंदूर खेला और भावुक विदाई के साथ सिटी बंगाली क्लब में दुर्गा पूजा उत्सव का समापन श्रद्धा, परंपरा और मां के प्रति अटूट प्रेम के संदेश के साथ हुआ।
बाइट सोनेक रघुवंशी
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



