आजमगढ़:अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान नवजात की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने जताया आक्रोश, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रानी की सराय (आजमगढ़)। रानी की सराय थाना क्षेत्र के चेकपोस्ट स्थित एक निजी अस्पताल में मंगलवार सुबह प्रसव के लिए भर्ती कराई गई महिला के बच्चे की ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया और चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।जानकारी के अनुसार, रानी की सराय कस्बा निवासी राजनारायण जायसवाल ने अपनी पत्नी शालिनी जायसवाल को प्रसव के लिए चेकपोस्ट स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन में देरी और अस्पताल की लापरवाही के कारण बच्चे की मौत हुई। घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल के बाहर हंगामा करने लगे।
पुलिस ने संभाला मामला
हंगामे की सूचना पर रानी की सराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजन मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।इस संबंध में रानी की सराय थाना अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।



