जबलपुर में भाजपा की अहम बैठक, 2 तारीख को निकलेगी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ के नारे के साथ 2 तारीख को जबलपुर में भाजपा की पदयात्रा
जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी जबलपुर महानगर की महत्वपूर्ण बैठक रानीताल स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए कांग्रेस और विपक्षी दलों पर लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ भ्रम फैलाने और अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि विपक्ष की ओर से जनता को गुमराह करने की कोशिशों का जवाब पार्टी संवाद और पदयात्राओं के माध्यम से देगी। इसी क्रम में आगामी 2 तारीख को जबलपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली जाएगी। भाजपा का कहना है कि इस कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस और राहुल गांधी द्वारा संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने के कथित प्रयासों को जनता के सामने रखा जाएगा। पार्टी ने कार्यक्रम में शहरवासियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से शामिल होने की अपील की है।
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



