Azamgarh News:किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में प्रकाश में आए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को उसे करखिया मोड़ से सुबह करीब 9:40 बजे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के एक सितंबर 2026 को स्कूल जाने के लिए घर से निकलने के बाद वापस न लौटने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पीड़िता की बरामदगी और उसके बयानों के आधार पर आरोपी की पहचान हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार उर्फ राजू (27) पुत्र श्यामाचरन, निवासी ग्राम सिरसा, थाना अमरिया, जनपद पीलीभीत के रूप में हुई है। पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुमित सिंह, कांस्टेबल जयप्रकाश वर्मा और कांस्टेबल मंटू यादव शामिल रहे।



