Gazipur news:बीयर की टूटी बोतल से सब्जी विक्रेता पर जानलेवा हमला, पेट में किए कई वार
रेलवे लाइन किनारे मीट मंडी के पास घेरकर वारदात को दिया अंजाम, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
जखनियां (गाजीपुर)। कोतवाली भुड़कुड़ा क्षेत्र के जखनियां कस्बे में गुरुवार देर रात करीब 8:30 बजे मामूली विवाद को लेकर सब्जी विक्रेता पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने बीयर की बोतल तोड़कर युवक के पेट पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मंझनपुर महुआबारी निवासी नरसिंह कुशवाहा के करीब 30 वर्षीय पुत्र विजय कुशवाहा जखनियां कस्बे में सब्जी बेचने का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि दुकान पर कुछ लोगों से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया था। इसके बाद रेलवे लाइन के किनारे मीट मंडी के पास आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और बीयर की बोतल तोड़कर पेट में कई वार कर दिए। हमले में विजय गंभीर रूप से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनियां पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि पेट में गहरे जख्म होने के साथ काफी रक्तस्राव हुआ है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घायल युवक हमलावरों को पहचानता है और पुलिस को उनके नाम भी बता चुका है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी है। प्रभारी निरीक्षक भुड़कुड़ा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में लगातार मारपीट की घटनाएं सामने आने से व्यापारियों और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने और कस्बे में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।



