Azamgarh News:आजमगढ़ के सगड़ी विधानसभा में डॉ. ओंकार राय की दावेदारी, भाजपा से भावी प्रत्याशी के रूप में पेश की विकास की नई दृष्टि टेक्नोक्रेट
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
पूर्व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. ओंकार राय ने सगड़ी को समृद्ध बनाने का लिया संकल्प, युवा सशक्तिकरण और स्टार्टअप विकास को देंगे प्राथमिकता
आजमगढ़ जनपद के 345-सगड़ी विधानसभा में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े कार्यकर्ता एवं प्रख्यात टेक्नोक्रेट डॉ. ओंकार राय का नाम भावी प्रत्याशी के रूप में चर्चा में है। मूल रूप से सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम एवं पोस्ट मऊकुतुबपुर निवासी डॉ. ओंकार राय ने अपने राष्ट्रीय प्रशासनिक अनुभव, तकनीकी दक्षता और सामाजिक प्रतिबद्धता के माध्यम से क्षेत्र के विकास की एक नई परिकल्पना प्रस्तुत की है।
डॉ. ओंकार राय की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी काफी प्रभावशाली है। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से वर्ष 1991 में सांख्यिकी विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। वर्ष 1981 में बीएचयू में प्रवेश के साथ ही उनका जुड़ाव अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से हुआ। इसी दौरान उनमें राष्ट्रीय चेतना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक दायित्वबोध का विकास हुआ।
प्रशासनिक एवं पेशेवर क्षेत्र में डॉ. राय ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वह भारत सरकार के सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के पूर्व महानिदेशक तथा आईटी/आईटीईएस विशेष आर्थिक क्षेत्रों के पूर्व विकास आयुक्त रह चुके हैं। इसके अतिरिक्त ओडिशा सरकार के स्टार्टअप ओडिशा के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
सामाजिक एवं वैचारिक क्षेत्र में भी उनका लंबा अनुभव रहा है। वह विज्ञान भारती के राष्ट्रीय सचिव, इंद्रप्रस्थ विज्ञान भारती के अध्यक्ष, इंद्रप्रस्थ महामना मालवीय मिशन के अध्यक्ष, महामना मालवीय मिशन के महासचिव तथा इतिहास संकलन योजना दिल्ली प्रांत के महासचिव सहित कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। वर्तमान में वह Exato.ai के स्वतंत्र निदेशक, CSIR-NISCPR की रिसर्च काउंसिल के सदस्य तथा IDEA & STARTUP PURV के संस्थापक हैं।
डॉ. ओंकार राय की विकास परिकल्पना का मुख्य केंद्र युवा शक्ति है। IDEA & STARTUP PURV के माध्यम से वह सगड़ी और पूर्वांचल में युवा क्लबों के गठन, खेल गतिविधियों, प्रतियोगिताओं, कौशल विकास, करियर मार्गदर्शन, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में प्रयासरत हैं। उनका मानना है कि स्थानीय प्रतिभाओं को सही अवसर और मार्गदर्शन मिले तो पूर्वांचल के युवा भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
उनकी विकास दृष्टि में युवा क्लब, खेल, कौशल, स्टार्टअप, उद्यमिता और नेतृत्व विकास को विशेष महत्व दिया गया है। उनका लक्ष्य स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराकर समृद्ध सगड़ी, समृद्ध पूर्वांचल और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देना है।
डॉ. ओंकार राय की राजनीतिक एवं सामाजिक संभावनाओं को देखते हुए सगड़ी विधानसभा में उनकी दावेदारी को लेकर चर्चा का विषय बनना स्वाभाविक है। हालांकि भाजपा की ओर से अभी उनकी उम्मीदवारी की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन उनका शैक्षणिक, प्रशासनिक और संगठनात्मक अनुभव उन्हें एक अलग पहचान देता है।
अब देखना यह होगा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व सगड़ी के इस स्थानीय चेहरे और उनके विकास के विजन को कितनी प्राथमिकता देता है।



