आजमगढ़:24 घंटे से तिराहे पर खराब पड़ा ओवरलोड ट्रक, आवागमन बाधित; स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी

स्कूली वाहनों को तय करनी पड़ रही 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी, जिम्मेदार बेखबर

गंभीरपुर/आजमगढ़। ब्लॉक मुहम्मदपुर के गंभीरपुर-थनौली संपर्क मार्ग पर तिराहे के पास गिट्टी लदा एक ट्रक 24 घंटे से अधिक समय से खराब होकर खड़ा है। ट्रक नहीं हटाए जाने के कारण आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। राहगीरों के साथ ही स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।जानकारी के मुताबिक, गिट्टी लदा ट्रक कलंदरपुर खाली करने के लिए जा रहा था। बुधवार की सुबह करीब आठ बजे गंभीरपुर बाजार से कलंदरपुर मार्ग की ओर मुड़ते समय अचानक ट्रक खराब हो गया। इसके बाद से ट्रक सड़क पर ही खड़ा है। बृहस्पतिवार की सुबह तक भी ट्रक को नहीं हटाया जा सका था।दीपावली की छुट्टी के बाद बृहस्पतिवार को विद्यालय खुलने पर समस्या और बढ़ गई। स्कूली बच्चों को लेने और छोड़ने के लिए जाने वाले वाहनों को रास्ता बंद होने के कारण करीब 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। वहीं, स्थानीय राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भी आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीण सलाहुद्दीन, राकेश पाण्डेय, पवन गुप्ता, अर्जुन यादव, बृजेश कन्नौजिया, प्रतीक गुप्ता और सुनील पाण्डेय समेत अनेक ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द खराब ट्रक को हटवाकर आवागमन सुचारू कराने की मांग की है।इस संबंध में गंभीरपुर पुलिस चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि जल्द से जल्द ट्रक को हटवाकर रास्ते को चालू कराया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button