Azamgarh News:50 साल पुरानी रामलीला की परंपरा को जीवित रखने वालों का हुआ भव्य सम्मान, भंडारे में उमड़ा आस्था का सैलाब

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

संतोष सिंह ने उठाया भव्य भंडारे का पूरा खर्च, अंकित सिंह ने रामलीला के सभी पात्रों और सहयोगियों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित; रिंकू सिंह की समर्पित भूमिका बनी आयोजन की खास पहचान

आजमगढ़ जनपद के सगड़ी तहसील स्थित अजमतगढ़ ब्लॉक के ग्राम सभा भटौली इब्राहिमपुर में सात दिवसीय रामलीला मंचन के समापन के बाद भव्य भंडारे एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा गांव भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। भगवान श्रीराम के जयकारों, तालियों की गूंज और श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया।

इस धार्मिक आयोजन में गांव के संतोष सिंह ने विशेष पहल करते हुए भव्य भंडारे का पूरा खर्च स्वयं वहन किया। उन्होंने रामलीला समाप्त होने से पहले ही घोषणा कर दी थी कि रामलीला समिति के सभी पात्रों सहित पूरे ग्राम सभा के लोगों को भंडारे में प्रसाद ग्रहण कराया जाएगा। उन्होंने अपनी घोषणा को साकार करते हुए सभी के लिए प्रसाद की व्यवस्था की। संतोष सिंह का कहना है कि गांव में होने वाले धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में वह अपनी सामर्थ्य के अनुसार हमेशा सहयोग करते रहेंगे। रामलीला समिति को भी उनका लगातार आर्थिक और सामाजिक सहयोग मिलता रहा है।

वहीं अंकित सिंह ने रामलीला में अभिनय करने वाले सभी बच्चों एवं पात्रों को एक-एक करके नाम पुकारकर पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उनकी इस पहल ने छोटे-छोटे कलाकारों के चेहरे पर खुशी और उत्साह भर दिया। इतना ही नहीं, रामलीला आयोजन में सहयोग करने वाले डांसर, बाजा कलाकार, टेंट, लाउडस्पीकर संचालक सहित अन्य सहयोगियों को भी सम्मानित किया गया। भोजन तैयार करने में सहयोग करने वाले राजेश गुप्ता उर्फ गुड्डू गुप्ता की माता एवं बहन को भी पुरस्कार देकर सम्मान दिया गया। अंकित सिंह ने कहा कि ग्राम सभा में होने वाले अच्छे कार्यों में वह आगे भी अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करते रहेंगे।

इस सात दिवसीय रामलीला मंचन को सफल बनाने में भास्कर सिंह उर्फ रिंकू सिंह की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। नेशनल खबर 9 के उत्तर प्रदेश ब्यूरो हेड एवं चाणक्य न्यूज इंडिया लाइव टीवी के आजमगढ़ मंडल ब्यूरो चीफ रिंकू सिंह ने अपने व्यक्तिगत कार्यों को किनारे रखकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ रामलीला के आयोजन में योगदान दिया। उनका उद्देश्य केवल इतना रहा कि गांव में लगभग 50 वर्षों से चली आ रही रामलीला की गौरवशाली परंपरा किसी भी परिस्थिति में समाप्त न होने पाए और आने वाली पीढ़ियां भी इस धार्मिक विरासत से जुड़ी रहें।

रामलीला के आयोजन में राजेश गुप्ता उर्फ गुड्डू गुप्ता सहित ग्राम सभा के तमाम लोगों ने भी अपना भरपूर सहयोग दिया। राधेश्याम स्वर की रामलीला परंपरा और भावपूर्ण संवादों पर आधारित सात दिवसीय मंचन ने ग्रामीणों को भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का काम किया।

समापन समारोह में भव्य भंडारे और पुरस्कार वितरण को देखकर बच्चों, बुजुर्गों, माताओं और बहनों के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी। सभी ने एक-दूसरे को बधाई दी और भगवान श्रीरामचंद्र तथा हनुमान जी के जयकारे लगाए।

ग्रामीणों का कहना था कि संतोष सिंह का भंडारे में सहयोग, अंकित सिंह का कलाकारों को प्रोत्साहन और रिंकू सिंह का रामलीला के प्रति समर्पण गांव की एकता और धार्मिक संस्कृति की मिसाल है। ऐसे सहयोग और समर्पण से ही वर्षों पुरानी परंपराएं जीवित रहती हैं।

अंत में सभी ग्रामीणों ने कामना की कि प्रभु श्रीराम और हनुमान जी का आशीर्वाद संतोष सिंह, अंकित सिंह, अमित सिंह उर्फ गोलू सिंह, रिंकू सिंह, राजेश गुप्ता उर्फ गुड्डू गुप्ता सहित समस्त ग्रामवासियों पर बना रहे, ताकि भटौली इब्राहिमपुर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की यह परंपरा आने वाली पीढ़ियों तक इसी उत्साह और श्रद्धा के साथ चलती रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button