आजमगढ़:तेज रफ्तार स्कार्पियो पेड़ से टकराकर खाई में गिरी, सात घायल
गोठांव गांव के समीप हुआ हादसा, बारात लेकर जा रही थी स्कार्पियो
गंभीरपुर (आजमगढ़)। गंभीरपुर-मार्टीनगंज मार्ग पर ब्लॉक मुहम्मदपुर क्षेत्र के गोठांव गांव के समीप मंगलवार की देर रात तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराते हुए खाई में जा गिरी। हादसे में स्कार्पियो सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।जानकारी के मुताबिक, दीदारगंज थाना क्षेत्र के लारपुर जोखू गांव से बारात लेकर स्कार्पियो गंभीरपुर थाना क्षेत्र के कमरावा गांव जा रही थी। इसी दौरान गोठांव गांव के समीप वाहन तेज रफ्तार होने के कारण अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे पेड़ को तोड़ते हुए खाई में पलट गया। हादसे में लारपुर जोखू गांव निवासी उदयभान (27), अमन (22), बिट्टू (25), वीरू (24), अंकुर (24), राहुल (26) और सूरज (23) घायल हो गए।दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद आनन-फानन में दूसरे वाहन से सभी घायलों को ठेकमा बाजार स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि गोठांव गांव के आसपास सड़क पर कई स्थानों पर तीखे मोड़ होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इसके बावजूद सड़क पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से दुर्घटना संभावित मोड़ों पर संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है। इस संदर्भ में पुलिस का कहना है कि सभी घायलों का इलाज चल रहा है इस संदर्भ में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है तहरीर मिलने के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



