आजमगढ़:जिवली में सड़क किनारे मिला अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव, 500 मीटर दूर मिली स्कूटी

स्कूटी की चाबी शव के पास मिलने से उठे सवाल, सिर बुरी तरह कुचला होने के कारण नहीं हो सकी पहचान; पुलिस ने प्रथम दृष्टया हादसा माना

आजमगढ़: थाना बरदह क्षेत्र के जिवली में राष्ट्रीय राजमार्ग प्रयागराज-गोरखपुर पर जिवली साधन सहकारी समिति के सामने बुधवार सुबह सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव से करीब 500 मीटर दूर मदन के घर के सामने सिल्वर रंग की एक स्कूटी भी बरामद हुई। स्कूटी की चाबी शव के पास मिलने से घटना को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, साधन सहकारी समिति के सामने सड़क किनारे युवक का शव पड़ा था। उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा था। घटनास्थल के आसपास वाहन के टायरों के निशान भी दिखाई दे रहे थे। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना पर थाना अध्यक्ष चंद्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर एक सिल्वर रंग की स्कूटी बरामद हुई। स्कूटी का नंबर गुजरात का बताया जा रहा है, जिसका पंजीकरण नंबर GJ 27 CK 9856 बताया गया। पुलिस को स्कूटी की चाबी शव के पास से मिली।पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष आंकी जा रही है। युवक ने नीचे फुल लोअर और ऊपर दो टी-शर्ट पहन रखी थीं। शव के पास कोई पहचान पत्र, कागजात या अन्य ऐसा प्रमाण नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके।

थाना अध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। घटना सुबह चार से पांच बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस ने शव और स्कूटी को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मृतक की पहचान कराने के साथ ही स्कूटी के पंजीकरण और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।वहीं, शव की हालत, सिर कुचला होना और स्कूटी का घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर मिलना ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ ग्रामीण हत्या की आशंका भी जता रहे हैं। हालांकि, घटना दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button