Azamgarh News:नवजात शिशुओं को ठंड से बचाना बेहद जरूरी, हाइपोथर्मिया का रहता है खतरा : डॉ. उमाशंकर पांडेय

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के जिला महिला चिकित्सालय में चल रहे नवजात शिशु देखभाल सप्ताह के अंतिम दिन एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसके तहत डिप्टी सीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय ने बताया कि सर्दी के मौसम में नवजात शिशुओं की देखभाल को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। नवजात का शरीर तापमान तेजी से खो सकता है, जिससे हाइपोथर्मिया (शरीर का तापमान सामान्य से कम होना) जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इससे बचाव के लिए अभिभावकों को बच्चों को गर्म कपड़ों और कंबल में सुरक्षित तरीके से लपेटकर रखना चाहिए। साथ ही ठंडी हवा से बचाव के लिए खिड़की-दरवाजे बंद रखने और पर्दों का इस्तेमाल करने जैसे उपाय अपनाने चाहिए।

उन्होंने बताया कि कम वजन और समय से पहले जन्म लेने वाले (प्रीमैच्योर) बच्चों में हाइपोथर्मिया का खतरा सामान्य नवजात शिशुओं की अपेक्षा अधिक रहता है। इसलिए ऐसे बच्चों की देखभाल में अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। नवजात को अनावश्यक रूप से ठंडे वातावरण में बाहर ले जाने से बचना चाहिए।

डॉ. पांडेय ने प्रसव के दौरान भी तापमान नियंत्रण को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि डिलीवरी रूम का तापमान अनुकूल बनाए रखना जरूरी है। जन्म के तुरंत बाद नवजात को सूखे और गर्म कपड़े या कंबल में लपेटकर गर्म वातावरण में रखना चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर वार्मर का उपयोग कर बच्चे के शरीर का तापमान सामान्य बनाए रखने की व्यवस्था करनी चाहिए।

कार्यक्रम के माध्यम से माताओं, अभिभावकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को नवजात शिशुओं की सुरक्षा, तापमान नियंत्रण और विशेष देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। इसका उद्देश्य ठंड के मौसम में नवजात शिशुओं को होने वाली स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं से बचाना और नवजात मृत्यु दर में कमी लाने के साथ स्वस्थ शिशु जीवन सुनिश्चित करना है। इस मौके पर डॉक्टर ज्योत्सना द्विवेदी, डॉ सुमन, डॉक्टर पंकज यादव आदि लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button