Azamgarh News:अतरौलिया। शहीद भगवती प्रसाद सिंह को नम आंखों से दी श्रद्धांजलि, वीरता और बलिदान को किया नमन,
अतरौलिया।
शहीद पार्क में शहादत दिवस पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जगाया राष्ट्रप्रेम का जज्बा।
भारत-चीन युद्ध 1962 में देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीद भगवती प्रसाद सिंह के शहादत दिवस पर शनिवार को क्षेत्र के मदियापार स्थित शहीद पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रीय लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जय नाथ सिंह तथा विशिष्ट अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल राजेंद्र सिंह रहे। कार्यक्रम में गायक कलाकार दुष्यंत शुक्ला ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर लोगों में राष्ट्रप्रेम का जज्बा जगाया। वहीं आरपीएस इंटर कॉलेज नाऊपुर और मदर इस्रावती पब्लिक स्कूल मदियापार की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर शहीद को श्रद्धांजलि दी। शौर्य संगठन मंडल आजमगढ़ की टीम भी कार्यक्रम में शामिल रही।
मुख्य अतिथि जय नाथ सिंह ने कहा कि अतरौलिया की धरती वीर सपूतों की धरती है। इसी क्षेत्र में अमर शहीद भगवती प्रसाद सिंह का जन्म हुआ था। यह क्षेत्र राजा बेनी माधव सिंह जैसे वीरों की गौरवगाथा से भी जुड़ा है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। ऐसे वीर सपूतों का बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीदों के त्याग और समर्पण को कभी भुलाया नहीं जा सकता। कार्यक्रम में शहीद के जीवन और उनके अदम्य साहस की गाथा भी साझा की गई। बताया गया कि भगवती प्रसाद सिंह का जन्म 5 मई 1937 को हुआ था। उनके पिता का नाम मर्याद सिंह और माता का नाम बलराजी देवी था। बचपन से ही वह होनहार और साहसी थे। उनकी पत्नी का नाम ललिता देवी था। 20 सितंबर 1962 को उनकी पत्नी ने एक पुत्री को जन्म दिया, जिसका नाम सुदामा देवी रखा गया। उस समय युद्ध के हालात बनने के कारण वह कुछ समय के लिए छुट्टी लेकर घर आए थे। महज डेढ़ माह की बेटी को देखकर जब वह दोबारा ड्यूटी पर जाने लगे तो पत्नी से कहा था कि अगली बार जब लौटूंगा तो मेरी बेटी मुझे पहचानने लगेगी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। भारत-चीन युद्ध के दौरान भगवती प्रसाद सिंह राजपूत बटालियन में तैनात थे और लेह-लद्दाख क्षेत्र में अपने साथियों के साथ चीनी सेना का मुकाबला कर रहे थे। उनके नेतृत्व में भारतीय जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मन सेना को कड़ी चुनौती दी। इसी दौरान चीनी सेना ने बमवर्षक विमानों से भारी बमबारी की, जिसमें 21 नवंबर 1962 को भगवती प्रसाद सिंह और उनकी टोली के कई जवान वीरगति को प्राप्त हो गए। देश के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान आज भी क्षेत्रवासियों के लिए गौरव और प्रेरणा का स्रोत है। इस अवसर पर सुभासपा नेता अरुण राजभर ने भी शहीद को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया। वहीं शहीद परिवार से जुड़े भोजपुरी अभिनेता अथर्व सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि उनके नाना ने देश सेवा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। आज पूरा क्षेत्र ऐसे वीर सपूत को याद कर उन्हें नमन कर रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कैप्टन हरिहर सिंह ने की तथा संचालन कवि भाल चंद्र त्रिपाठी ने किया। कार्यक्रम के संयोजक एवं आयोजक डॉ. राजेंद्र सिंह तथा शहीद की इकलौती पुत्री सुदामा देवी ने अतिथियों का सम्मान करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर शहीद सौदागर सिंह की पौत्रवधू अंजना सिंह, प्रशांत सिंह, नगर अध्यक्ष सुभाष चंद्र जायसवाल, प्रवीण सिंह, डॉ. शिवाजी सिंह, प्रेम प्रकाश राय, नागेंद्र सिंह, कैप्टन दुलारे, हरीश तिवारी, संतोष यादव, विश्व प्रकाश सिंह मुन्नू, डॉ. राजेंद्र प्रसाद यादव, इंडियन ऑयल के फील्ड ऑफिसर विवेक कुमार, रवि अग्रवाल, बी-फोर-यू के बिजनेस हेड संदीप सिंह, अभिनेत्री अंजना सिंह, अभिनेता प्रशांत सिंह, अनुराग सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, शिवम सिंह, सत्येंद्र सिंह, आकाश सिंह, दीपक सिंह, विपिन सिंह और राकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



