Azamgarh News:दिव्यांगजनों के साथ बैठकर किया भोजन, बोले विधायक—गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा ही सबसे बड़ा मानवीय धर्म
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
नेताजी मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सेवा और समर्पण की मिसाल, 70 दिव्यांगजनों को विधायक नफीस अहमद ने बांटे कंबल
आजमगढ़ जनपद के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में शनिवार को समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर सेवा और संवेदना की अनूठी पहल देखने को मिली। विधायक नफीस अहमद के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के 70 दिव्यांगजनों को कंबल वितरित कर ठंड से राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया। इस दौरान विधायक ने सभी दिव्यांगजनों को अपने साथ बैठाकर भोजन भी कराया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक नफीस अहमद ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव का जीवन हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनकी जयंती पर जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर उनकी सहायता करना उनके विचारों और समाजवादी सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का एक छोटा सा प्रयास है।
उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे अनेक लोग हैं, जिन्हें विशेष सहयोग और सहारे की जरूरत होती है। हमारा प्रयास है कि इस तरह के अवसर केवल औपचारिक आयोजनों तक सीमित न रहें, बल्कि इनके माध्यम से गरीब, असहाय और दिव्यांगजनों को वास्तविक राहत और सम्मान मिल सके। ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर होते रहने चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को यह एहसास हो कि समाज और जनप्रतिनिधि उनके साथ खड़े हैं।
कंबल वितरण और सामूहिक भोजन के दौरान दिव्यांगजनों के चेहरों पर खुशी और संतोष देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से न केवल जरूरतमंदों को ठंड से बचाव का सहारा मिला, बल्कि उन्हें अपनत्व और सम्मान का एहसास भी कराया गया। इस मौके पर बिलरियागंज नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि कोमल पासवान, गोपालपुर विधानसभा अध्यक्ष हरिराम सिंह यादव आदि लोग उपस्थित रहे।



